सीतामढ़ी में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर डीएम की बैठक, मनरेगा कार्ययोजना में शामिल होंगे पंचायत स्तर के काम
सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव, कचरा प्रबंधन और उपभोक्ता शुल्क वसूली में तेजी लाने का निर्देश
सीतामढ़ी में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक हुई। बैठक में मनरेगा कार्ययोजना में स्वच्छता कार्यों को शामिल करने, सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव, ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन, उपभोक्ता शुल्क वसूली और WPU निर्माण की समीक्षा की गई। मेथौरा पंचायत में गोवर्धन योजना के तहत बायोगैस संयंत्र के निर्माण की स्थिति पर भी चर्चा हुई।

📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
सीतामढ़ी | [पवन साह] | We News 24
सीतामढ़ी समाहरणालय स्थित विमर्श सभा कक्ष में जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और पंचायत स्तर पर चल रहे स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त श्वेता भारती भी मौजूद रहीं।
बैठक में ग्राम पंचायत और प्रखंड स्तर पर स्वच्छता से जुड़े कार्यों को मनरेगा की वार्षिक कार्य योजना में शामिल करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। संबंधित विभागों के बीच अभिसरण के माध्यम से बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर भी आवश्यक निर्णय लिए गए।
गोवर्धन योजना के तहत बायोगैस प्लांट की समीक्षा
बैठक के दौरान मेथौरा पंचायत में गोवर्धन योजना के तहत बायोगैस संयंत्र के निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजना के क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ये खबर भी पढ़े
₹13.80 लाख खर्च के बाद तोड़ा जा रहा नाला, अब दोबारा होगा निर्माण; सीतामढ़ी नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल
सामुदायिक शौचालयों के रखरखाव पर जोर
डीएम ने निर्देश दिया कि जिले में बने सामुदायिक शौचालयों का उचित रखरखाव और नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए। साथ ही लोगों को सामुदायिक शौचालयों के इस्तेमाल के लिए जागरूक करने को कहा गया, ताकि इन सुविधाओं का वास्तविक लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।
ठोस और तरल कचरा प्रबंधन पर भी चर्चा
बैठक में पंचायतों में चल रहे ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन कार्यों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने उपभोक्ता शुल्क की वसूली में तेजी लाने तथा शुल्क के महत्व को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
WPU निर्माण की स्थिति की समीक्षा
बैठक में WPU (Waste Processing Unit) के निर्माण की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डायरेक्टर DRDA, जिला जनसंपर्क अधिकारी, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर जिला जल स्वच्छता समिति, मनरेगा डीपीओ, डीपीओ आईसीडीएस सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद