Header Ads

ad728
  • Latest Stories

    LIVE::राष्‍ट्रपति के अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्ताव के दौरान PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, कांग्रेस सरकारों में रक्षा सौदे में दलाली का इतिहास रहा है. ये लोग झूठ भी आत्मविश्वास से बोलते हैं

    राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा
    Highlights
    संसद के बजट सत्र का छठा दिन
    दोनों सदनों में धन्यवाद प्रस्ताव पर होगी चर्चा
    लोकसभा में पीएम मोदी दे रहे हैं चर्चा का जवाब
    • 18:52 IST राफेल डील रद्द कराना चाहती है कांग्रेस: PM
      लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा कि राफेल पर हर आरोप का जवाब रक्षा मंत्री ने दिया है. कांग्रेस पार्टी नहीं चाहती कि वायुसेना मजबूत हो. कांग्रेस राफेल का सौदा रद्द कराना चाहती है, आप बताओं कि किस कंपनी की भलाई के लिए यह सौदा रद्द कराना चाहते हैं. आप देश की सेना के साथ ऐसा बर्ताव करते हो और सेना को 30 साल से निहत्था बनाकर रखा है. मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों में रक्षा सौदे में दलाली का इतिहास रहा है. ये लोग झूठ भी आत्मविश्वास से बोलते हैं क्योंकि यह मानते हैं कि पिछले 55 साल में एक भी रक्षा डील में दलाली के बगैर हुई ही नहीं है.

    • 18:47 IST सेना के पास नहीं था जरूरी सामान: मोदी
      लोकसभा में नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब लूटने वालों के खिलाफ कानून आ गया है और लूटा हुआ धन में वापस लाने का काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि जो देश छोड़कर, देश का पैसा लूटकर भाग गए, वो अब ट्विटर पर रो रहे हैं. नरेंद्र मोदी ने कहा कि सेना के लिए कांग्रेस की सरकार में बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं थी और सर्जिकल स्ट्राइक करे जाने का दावे कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जवानों के पास बुनियादी सुविधाओं तक का आभाव था, उनके पास जूते तक नहीं थे और आप सर्जिकल स्ट्राइक की बात करते हैं. सेना को ताकतवर करने के बारे में कांग्रेस ने कभी नहीं सोचा. कांग्रेस ने सेनाओं की जरूरतों को नजरअंदाज करने का काम किया, देश इसको माफ नहीं करेगा.

    • 18:42 IST कांग्रेस ने बैंकों को बर्बाद किया: मोदी
      प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बिचौलिये नहीं हैं और पैसे सीधे गरीब के खाते में जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 55 साल सत्ता भोग के थे और हमारे 55 महीने सेवा भाव के हैं. मोदी ने कहा कि हम सही निष्ठा और नीति से 24 घंटे गरीबों के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास घोटालों का रहा है. जब खिलाड़ी कॉमनवेल्थ में पदक के लिए मेहनत कर रहे थे तब इन्हें अपने वेल्थ की चिंता थी. टू जी घोटाले में क्या हुआ, यह सारा देश जानता है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहले नामदार के एक फोन पर लोन दिया जाता था, कोई पूंछने वाला नहीं था. छह साल में बैंकों का लोन 18 लाख करोड़ से 52 लाख करोड़ का हो गया.

    • 18:29 IST 55 साल पर भारी मेरे 55 महीने: मोदी
      प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस सत्ता पर अपना हक मानती है. उन्होंने कहा कि 55 साल पर मेरे 55 महीनों भारी हैं. साढ़े चार साल में 10 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने हैं, देश के 10 करोड़ अमीरों के लिए मैंने शौचालय बनाए हैं, क्योंकि ये लोग कहते हैं कि मेरी सरकार अमीरों के लिए है. पीएम मोदी ने कहा कि 55 महीने में हमने 13 करोड़ गैस कनेक्शन देने का काम किया है. 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचने से आपको दिक्कत होती है, अब 100 करोड़ लोगों के पास बैंक खाते हैं. जो काम 20 साल में होना चाहिए था वो मुझे आकर पूरा करना पड़ा.

    • 18:25 IST संस्थाओं को कांग्रेस ने किया बर्बाद: मोदी
      कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव आयोग को अपमानित करने का काम किया गया. महाभियोग के नाम पर डराने का काम कांग्रेस ने किया. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने का काम किया, कांग्रेस को संस्थाओं के मान-सम्मान की बात नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कैबिनेट का फैसला तक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाकर फाड़ा गया. कृपा करके मोदी पर उंगुली उठाने से पहले जरा सोच लें. खड़गेजी मुसीबत में फंसे हैं और हर बात का विरोध कर रहे हैं. 

    • 18:21 ISTउल्टा चोर कोतवाल को डांटे: PM मोदी
      खड़गे के बयान पर पलटवार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जो बात बाहर बोली जाती है वही अंदर बोली जाती है, मतलब यह सिद्ध हो गया कि कांग्रेस के लोग बाहर और अंदर अलग-अलग बात बोलती है, क्योंकि वह झूठ बोलते हैं. उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर आपकी आदत खराब हो गई है, आपको सच सुनने में दिक्कत होती है. संस्थाओं को बर्बाद करने के आरोप पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उल्टा चोर आज कोतवाल को डांट रहा है. सेना को अपमानित किया आपने, आपातकाल लगाया आपने, सेना प्रमुख को गुंडा कहा गया, सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए, तख्तापलट की खबरें बनाई गईं, यह सेना का अपमान है.

    • 18:16 IST 
      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चर्चा के दौरान कहा गया कि कांग्रेस से पहले देश में कुछ था ही नहीं और जो देश में हुआ वह एक वंश के कारण ही हुआ. पीएम मोदी ने कहा कि भारत साढ़े चार साल में 11 नंबर से छठे नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है. जिन्हें तब 11 पर पहुंचने का गौरव था उन्हें आज छठे नंबर पर आने का दर्द हो रहा है. मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे स्टील उत्पादक भारत बन चुका, दूसरे सबसे ज्यादा मोबाइल भारत में बनते हैं, इंटरनेट डाटा सबसे सस्ता और सबसे ज्यादा भारत में उपभोग किया जाता है. आज विमानन क्षेत्र सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है. हमारी नीतिओं की आलोचना करनी चाहिए, ये लोकतंत्र के लिए अच्छा है. लेकिन बीजेपी, मोदी की आलोचना करते हुए देश की बुराई भी कर रहे हैं. लंदन में झूठी प्रेस कॉऩ्फ्रेंस कर रहे हैं. कांग्रेस की हूटिंग पर मोदी ने कहा कि मैं अपनी मर्यादा में रहूं, वहीं अच्छा है.

    • 18:08 IST धन्यवाद प्रस्ताव पर PM मोदी का जवाब
      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं. उन्होंने सार्थक चर्चा के लिए पूरे सदन का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि सभी ने सार्थक चर्चा की और कुछ आलोचनाएं भी हुईं हैं. विपक्षी दलों की मजबूरी है चुनाव के वर्ष में कुछ न कुछ बोलना ही पड़ता है. मोदी ने कहा कि हम लोग यहां से जाने के बाद जनता को काम का हिसाब देने वाले हैं. पीएम मोदी ने सभी को चुनाव में प्रतिस्पर्धा के लिए हार्दिर शुभकामनाएं दीं.

    • 17:58 IST लोकसभा में मोदी-मोदी के नारे
      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा पहुंच गए हैं. इस मौके पर सभी एनडीए सांसदों ने अपने सीट पर खड़े-खड़े होकर मोदी-मोदी के नारे लगाए. प्रधानमंत्री मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देंगे.

    • 17:29 IST 
      विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने लोकसभा में ओवैसी के बयानों को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान अलग-थलग हो गया है और हमारी विदेश नीति एकदम सही है, आपके तमाम बयान गलत हैं.

    • 17:26 ISTPM ने किया संविधान का अपमान: ओवैसी
      धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए AIMIM के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि इस प्रस्ताव का विरोध करने के लिए खड़ा हूं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट ने संविधान और उसकी शपथ के खिलाफ काम किया है. ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में मंदिर चाहिए या मस्जिद चाहिए जैसा बयान दिया, जो उस शपथ के खिलाफ है. साथ ही प्रधानमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालकर अयोध्या में जमीन मांगी है, यह भी संविधान की शपथ के खिलाफ है. ओवैसी ने कहा कि सरकार की गलतियों की वजह से आज कश्मीर भुगत रहा है और इन्हीं की नीतियों की वजह से विदेशी नेताओं से भी संबंध बिगड़ रहे हैं. सरकार हिन्दुस्तान पर भरोसा करती है या हिन्दुत्व पर भरोसा करते हैं, आपने मक्का मस्जिद धमाके में बरी हुए लोगों के खिलाफ एक अपील तक दायर नहीं की. दीन दयाल उपाध्याय पर फर्जीवाड़े के आरोप हैं, इस सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिया है. भारत रत्न सिर्फ ब्राह्मणों और सवर्णों का क्लब बन गया है.

    • 16:49 IST 
      जेडीएस नेता एच डी देवगौड़ा ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता में आने से पहले भ्रष्टाचार मुक्त और गरीबी मुक्त भारत का वादा किया था. लेकिन मैंने कभी भी प्रधानमंत्री पद के और उसकी मर्यादा के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया. देवगौड़ा ने कहा कि चाहे हम करें या आप लेकिन गरीबों का भला होना चाहिए. उन्होंने कहा कि आपने किसानों को 6 हजार रुपये हर साल देने के वादा किया है लेकिन क्या यह काफी है. मोदीजी जी एक चुनावी रैली में कितना पैसा खर्च होता है. प्रधानमंत्री से अपील है कि कम से कम किसानों को 15 हजार रुपये तो देने चाहिए.

    • 16:10 IST 
      अकाली दल के सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि सरकार के पास उपलब्धियों का बखान करने का मौका है तो वो यह करेंगे ही. जिनके जेब में पैसा होता है वही खरीदारी करते हैं खाली जेब वाले बाजार में भी नहीं जा सकते. उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने प्रति वर्ष 6 हजार रुपये देकर किसान को अन्नदाता माना है. इसके अलावा सरकार ने गरीबों के लिए कई शानदार योजनाएं लागू की हैं.

    • 16:08 IST 
      आरजेडी सांसद जयप्रकाश यादव ने कहा कि विश्वविद्यालयों में फिर से 200 पॉइंट लागू करना चाहिए और जाति के अनुपात में आरक्षण लागू होना चाहिए. यादव ने कहा कि शेयर बाजार में बीजेपी का शेयर फिसल गया है और जनता बदलाव के मूड में है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के कैंपस से SC/ST को हटाया जा रहा है. इसके लिए हम संसद से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं. 2019 में जनता मोदी सरकार की विदाई करने जा रही है.

    • 15:54 IST
      सीपीएम सांसद मोहम्मद सलीम ने कहा कि सरकार ने अच्छे दिन का वादा किया था जो पूरा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि देश की पूरी संपत्ति सिर्फ कुछ लोगों के पास जमा हो गई है और विषमता लगातार बढ़ रही है. सलीम ने कहा कि समाज का हर तबका सड़क पर उतरने को मजबूर है. सलीम ने कहा कि यह सरकार काम नहीं कर रही बल्कि सिर्फ विज्ञापन दे रही है, जबकि योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचना चाहिए, आप विज्ञापन देने में लगे हुए हैं.

    • 15:32 IST 
      टीडीपी सांसद जयदेव गल्ला ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि सरकार ने पिछले बजट में किए वादों को पूरा नहीं किया है और आगामी चुनाव की वजह से नए-नए वादे देश की जनता से कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी पिछली जिम्मेदारियों को निभाया नहीं है. गल्ला ने कहा कि हमारी पार्टी की पिछले बजट में अवमानना की गई जिसकी वजह से हमने एनडीए का साथ छोड़ दिया, सरकार ने हमारे साथ धोखा किया है.

    • 15:18 IST
      केंद्रीय मंत्री और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबों की बातें करके कितनी चुनाव लूट लिए. सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बादल ने शौचालय निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और हमारा निवेश लगातार बढ़ रहा है. कांग्रेस की सरकार में ऐसा कभी नहीं हो सका क्योंकि इन्होंने देश को लूटने का काम किया है.

    • 15:01 IST झांसी की रानी से ममता की तुलना
      लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा जारी है. टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने चर्चा में बोलते हुए टीएमसी नेता ने ममता बनर्जी की तुलना झांकी की रानी से कर दी. उन्होंने कहा कि जैसे ब्रिटिश हुकुमत ने झांसी की रानी पर जुल्म और प्रहार किए थे, ठीक वैसे ही प्रहार आज मोदी सरकार ममता बनर्जी पर कर रही है.  उन्होंने कहा कि सरकार भी आज सीबीआई और ईडी के नाम पर विरोधियों पर आक्रमण करने का काम किया है. बंगाल में जो हुआ वो पहले ब्रिटिश सरकार करती थी, लेकिन बंगाल में भी एक झांसी की रानी है जिसका नाम ममता बनर्जी है. 

    • 14:34 IST
      राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के 5 मिनट बाद ही स्थगित कर दी गई. सपा और बसपा के सांसदों ने रोस्टर सिस्टम को लेकर सदन के भीतर जोरदार हंगामा किया. सभापति ने कहा कि हम पहले ही पीछे चल रहे हैं और ऐसे में हंगामा करने से कुछ हासिल होने वाला नहीं है. सपा-बसपा के सांसद वेल में आकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. इसके बाद सभापति ने 2.05 PM पर राज्यसभा की कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया.  

    • 14:00 IST 
      राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है.

    • 13:42 IST 
      गांधीजी के पोस्टर पर हिन्दू महासभा की नेता द्वार गोली मारने की घटना का जिक्र करते हुए खड़गे ने लोकसभा में कहा कि यह शर्म की बात है. सरकार गांधीजी के सम्मान की बात करती है जबकि ऐसे लोगों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाता है. इनकी सरकार में संगठित तरीके से मॉब लिंचिंग हुई है. दलित, पिछड़ों पर अच्याचार बढ़ा है, लेकिन सरकार ने ऐसे लोगों और संगठनों के खिलाफ कड़े कदम नहीं उठाए.

    • 13:27 IST राफेल पर सरकार ने झूठ बोला: खड़गे
      राफेल डील पर बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राफेल डील पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि HAL से करार छीनकर एक नई कंपनी को यह डील दी गई. खड़गे ने कहा कि जेपीसी बैठाकर इस डील की जांच की जानी चाहिए, जब तक ऐसा नहीं होता तब तक हम इसके लिए लड़ते रहेंगे. बीजेपी एक अच्छी संस्था को बदनाम करने में लगी है, यह उनकी मेहनत का अपमान है. सरकार ने राफेल मामले में सुप्रीम कोर्ट से भी झूठ बोला और बाद में सही करने के लिए याचिका दायर की.कांग्रेस सांसद खड़गे ने कहा कि सरकार ने सभी संवैधानिक संस्थाओं को दबाने का काम किया है. पहले आरबीआई के गवर्नर जाते चले गए. अब सरकार अपने विरोधियों के लिए ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाओं का सियासी इस्तेमाल कर रही है.

    • 13:17 IST 
      नोटबंदी पर बोलते हुए खड़गे ने कहा कि इसे लागू करने के बाद बड़े-बड़े दावे किए गए लेकिन हुआ कुछ भी नहीं. उन्होंने कहा कि गरीब मां-बहनों को इससे झटका मिला है, इसकी मार किसी भी अमीर आदमी को नहीं पड़ी. खड़गे ने कहा कि इनके किसी अमीर दोस्त को नोटबंदी की मार नहीं पड़ी है. उन्होंने कहा कि इससे नौकरियां घट गईं क्योंकि छोटे कारोबार इस नोटबंदी से बंद हो गए. कांग्रेस नेता ने कहा कि अर्थशास्त्रियों ने इसे गलत करार दिया है. उन्होंने कहा कि झूठी वादे करके आप सत्ता में आए हो और अब भी झूठी बातें ही कह रहे हो.

    • 13:12 ISTसरकार की GDP झूठी है: खड़गे
      लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने देश की जनता को दूध, खान, पानी, शिक्षा दी. उन्होंने कहा कि आप लोग जो झूठी बातें करते हैं अब जनता उसे समझ चुकी है और लोग आपको ठुकरा देंगे. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में देश की आर्थिक स्थिति कभी इतनी कमजोर नहीं थी. खड़गे ने कहा कि आज जीडीपी के साथ खिड़वाड़ कर उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर आपकी ग्रोथ 8 फीसदी है तो रोजगार क्यों घट रहा है, निवेश क्यों नहीं आ रहा है. 

    • 13:03 IST सरकार में सिर्फ PM लेते हैं फैसले: खड़गे
      मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लोकसभा में खड़गे ने कहा कि इस सरकार में सीधे प्रधानमंत्री फैसले लेते हैं, जिनकी जानकारी कैबिनेट और मंत्रियों तक को नहीं होती है. उन्होंने सवर्ण आरक्षण बिल का हवाला देते हुए कहा कि इस बिल को पेश करने के एक घंटे पहले तक मंत्री और कैबिनेट तक को आरक्षण बिल की जानकारी नहीं थी. कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष अच्छी चीजों का समर्थन करता आया है लेकिन यह सरकार हड़बड़ी में विधेयक लेकर आ रही है. उन्होंने कहा कि हमसे पूछा जाता है कि 60 साल में हमारी सरकार ने क्या किया तो मैं बता दूं कि हमने साक्षरता दर को 16 से 74 फीसदी पर पहुंचा दिया. हम हरित क्रांति लाए, सिंचाई परियोजनाओं के जरिए 22 मिलियन हेक्टेयर से 68 मिलियन हेक्टयर पर सिंचाई भूमि को 2014 तक लेकर आए.

    • 12:56 ISTआज पिछड़ों से आरक्षण छीना जा रहा है: खड़गे
      लोकसभा में खड़गे ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में संविधान सर्वोपरि है और सभी को समान अधिकार मिले हुए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार की संविधान के प्रति कोई आस्था नहीं है, इनकी सरकार में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है, उनके बोलने का हक छीना जा रहा है. खड़गे ने कहा कि दलित और पिछड़ों के आरक्षण पर भी मोदी सरकार में खतरा मंडरा रहा है. उन्होंने कहा कि संविधान के तहत विश्वविद्यालयों में जो कमजोर लोगों को आरक्षण के अधिकार मिले हैं उन्हें छीन लिया गया है. 

    • 12:48 ISTराष्ट्रपति के भाषण का सियासी इस्तेमाल हुआ: खड़गे
      लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लगा गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है. कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि राष्ट्रपति के भाषण में वहीं सारे बातें कहीं गईं जिनको प्रधानमंत्री जनसभाओं और संसद के भीतर पहले ही बोल चुके हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा अपनी बात कहते हैं और दूसरों की बात कभी मानते नहीं है. खड़गे ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों की तुलना पिछली सरकार से की गई, ऐसा करना शोभा नहीं देता. राष्ट्रपति के अभिभाषण का राजनीतिक इस्तेमाल करने ठीक नहीं है और यह सरकार की गिरती मर्यादा को दर्शाता है.

    • 12:38 ISTलोकसभा में उठा रोस्टर सिस्टम का मुद्दा
      दिल्ली से बीजेपी सांसद उदित राज ने रोस्टर सिस्टम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर काफी आक्रोश है. उन्होंने कहा कि सरकार को इसका हल निकालना चाहिए और हमसे ज्यादा कानून तो सुप्रीम कोर्ट बन रहा है तो हम क्या काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट जातिवादी संस्था है जो कि गरीब-दलित विरोधी है. 

    • 12:26 IST 
      शून्य काल में शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने MTNL कर्मचारियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उसकी कॉलर ट्यून है कि मेरा देश बदल रहा है लेकिन खुद MTNL गड्ढे में जा रहा है. सावंत ने कहा कि कर्मचारियों को 3 महीने से सैलरी नहीं मिल रही है. यूपीए के घोटालों की वजह से कंपनी घाटे में गई है और कर्मचारी काफी त्याग कर रहे हैं और इसकी सेवाओं में सुधार होना चाहिए. 

    • 12:18 IST 
      लोकसभा में लोक महत्व के मुद्दे उठाते विभिन्न सांसद अपनी बात रख रहे हैं. बुलंदशहर से बीजेपी सांसद भोला सिंह ने कहा कि उनका संसदीय क्षेत्र यूपी की राजधानी लखनऊ और इलाहाबाद हाई कोर्ट से काफी दूर है. उन्होंने कहा कि मेरठ, बुलंदशहर, बागपत जैसे जिलों में दिल्ली में शामिल किया जाए ताकि इन क्षेत्रों का भी विकास हो सके. 

    • 12:05 IST 
      लोकसभा में प्रश्न काल पूरा हो गया, स्पीकर ने सदन में कहा कि आज काफी अच्छे माहौल में प्रश्न काल चला है. स्पीकर ने सदन को बताया कि विभिन्न मुद्दों पर सदस्यों की ओर से स्थगन प्रस्ताव को नोटिस मिले हैं लेकिन किसी भी नोटिस को स्वीकार नहीं किया गया है. लोकसभा में अब दस्तावेज पटल पर रखे जा रहे हैं.

    • 11:59 IST
      लोकसभा में सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भारतमाला परियोजना से जुड़े विभिन्न सवालों का जवाब दिया. उन्होंने सदन को बताया कि हम सड़क परियोजनाओं के तहत देश के सुदूर और पिछड़े इलाकों को सड़क से जोड़ रहे हैं ताकि उनके जीवन स्तर में और सुधार लाया जा सके. मंत्री ने बताया कि गुरुग्राम से मुंबई कुछ दिन बाद 12 घंटे में पहुंचा जा सकेगा और मध्य प्रदेश, गुजरात होते हुए महाराष्ट्र तक सड़क परियोजना शुरू हो चुकी है और ढाई साल में यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा. 

    • 11:49 IST Posted by Anugrah Mishra
      लोकसभा में सूचना प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने आकाशवाणी से जुड़े विभिन्न सवालों के जवाब दिए. उन्होंने कहा कि हम लगातार आकाशवारणी और दूरदर्शन का विस्तार कर रहे हैं और करीब 99 फीसदी आबादी तक हमारी पहुंच है. मंत्री ने कहा कि खेलों को प्रसारण को भी दूरदर्शन पर दिखाने की कोशिश चल रही है. उन्होंने कहा कि रेडियो को भी प्रमुखता के साथ जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है. 


    • 11:41 IST हंगामे के बाद RS दो बजे तक स्थगित
      मंत्री के जवाब के बाद राज्यसभा में हंगामा शुरू हो गया है. सपा और बसपा के सांसद सदन में नारेबाजी कर रहे हैं. सभापति ने सांसदों को शांत रहने के लिए कहा. उन्होंने कहा कि अगर आप जवाब से संतुष्ट नहीं हैं तो उसकी एक मर्याता है और यह कहते हुए उन्होंने सदन की कार्यवाही को 2 बजे कर के लिए स्थगित कर दिया. 

    • 11:39 IST आरक्षण पर आंच नहीं: जावड़ेकर
      चर्चा के बाद शिक्षा मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि जो मुद्दा उठा है उससे हम पूरी तरह संवेदना रखते हैं क्योंकि आरक्षण के आंदोलन का हम हिस्सा हैं और हम इसे जारी रखना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार यूनिवर्सिटी को ही एक यूनिट मानती है लेकिन विभागों को यूनिट मामने का फैसला कोर्ट से आया है. मंत्री ने कहा कि कोर्ट में सरकार की पैरवी अच्छी रही है. उन्होंने कहा कि सरकार को कोर्ट से न्याय मिलेगा और हम आरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, इसपर आंच नहीं आने देंगे. 

    • 11:34 IST 
      आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि इस रोस्टम में दसवें नंबर पर EWS आ रहा है और इसमें कहीं पर भी अनुसूचित जनजाति का जिक्र नहीं है. इस रोस्टर में ओबीसी और एसटी का आरक्षण कम हो रहा है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार गरीबों को आरक्षण दे सकती है तो इस पर जल्द से जल्द विधेयक लेकर आए. बीएसपी सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि इससे आरक्षण को भारी नुकसान हो रहा है और उनका प्रतिनिधित्व कम हो रहा है. अगर सरकार मानती है कि यह गलत है तो फिर इसे खत्म क्यों नहीं किया जा रहा है.

    • 11:27 ISTरोस्टर सिस्टम पर सरकार लाए बिल: सपा
      रामगोपाल यादव ने उच्च सदन में कहा कि 200 पॉइंट रोस्टर सिस्टम को बदलकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद जो 13 पॉइंट रोस्टर विश्वविद्यालयों पर लागू किया गया है उसका बुरा असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि इस सिस्टम से किसी अनुसूचित जाति के किसी व्यक्ति को वहां पद नहीं मिल सकता और ज्यादा सीटें सामान्य वर्ग के लिए ही आवंटित कर दी गईं हैं. यादव ने कहा कि इस मामले की सुप्रीम कोर्ट में सही तरीके से पैरवी नहीं हुई उन्होंने मांग की इस पर बिल लाना चाहिए, रिव्यू पिटीशन से कुछ होने वाला नहीं है. 

    • 11:20 IST राज्यसभा में रोस्टर सिस्टम पर चर्चा
      राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है. सभापति ने सदन को बताया कि हम धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू करें उससे पहले विभिन्न दलों की ओर से दिए गए रोस्टर सिस्टम पर चर्चा के नोटिस के तहत कुछ सांसदों को सदन में अपनी बात रखने का मौका दिया जा रहा है, इसके बाद अगर मंत्री चाहेंगे तो वह चर्चा का जवाब दे सकते हैं. सभापति ने सपा के रामगोपाल यादव को चर्चा की शुरुआत करने के लिए कहा है.

    • 11:10 IST
      उच्च सदन में बीएसपी सांसद सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि बीजेपी और कांग्रेस के अपने अलग-अलग मुद्दे हो सकते हैं. लेकिन सपा और हमारी पार्टी ने विश्वविद्यालयों में रोस्टर सिस्टम के तहत आरक्षण का मुद्दा कल भी उठाया था, आसन को इस अहम मुद्दे पर गौर करना चाहिए. इसके बाद सभापति ने सभी दलों के नेताओं और संसदीय कार्यमंत्री को चैंबर में बुलाया और सदन की कार्यवाही 11.20 तक के लिए स्थगित कर दी.

    • 11:09 ISTराज्यसभा में सभापति ने जताई नाराजगी
      राज्यसभा में सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि अब हमारे पास सिर्फ 4 दिन बचे हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर देर शाम तक चर्चा होनी चाहिए. सांसदों के बीच में टिप्पणी करने पर सभापति ने नाराजगी जताई और कहा कि अगर आप लोग नहीं चाहते कि सदन चले तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है. हंगामे में सदन कार्यवाही मैं नहीं चला सकता, हम खुद पर ही हंस रहे हैं और पूरा देश देख रहा है. उन्होंने कहा कि धन्यवाद प्रस्ताव पर आज चर्चा शुरू करके जवाब शुक्रवार को भी दिया जा सकता है और उसके बाद गैर सरकारी कामकाज शुरू किया जा सकता है.

    • 11:00 IST संसद की कार्यवाही शुरू
      लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. राज्यसभा में विभागों के मंत्री दस्तावेज सदन के पटल पर रख रहे हैं. लोकसभा में दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई और सभी सदस्यों ने मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी. लोकसभा में प्रश्न काल चल रहा है और सांसद विभिन्न विषयों पर अपने सवाल मंत्रियों से पूछ रहे हैं. उच्च सदन में विभिन्न संसदीय समितियों की रिपोर्ट सदन में रखीं गईं.

    • 10:49 IST बीते दिन संसद में क्या हुआ
      बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही बीजेडी सांसद के निधन के चलते श्रद्धांजलि देने के तत्काल बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई थी. उधर उच्च सदन राज्यसभा में 125वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया, जिसके बाद सदन में बीजेपी सांसद भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया. हालांकि इस बीच जोरदार हंगामा हुआ और समाजवादी पार्टी के सांसदों ने यूनिवर्सिटी में लागू किए गए 13 पॉइंट रोस्टर सिस्टम का विरोध किया. हंगामे के चलते धन्यवाद पर चर्चा नहीं हो सकी और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी.

    • 10:46 IST 
      संसद के बजट सत्र का आज छठा दिन है. लोकसभा में आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर आगे की चर्चा जारी रहेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सदन में इस चर्चा का जवाब दे सकते हैं. राज्यसभा में भी आज इस प्रस्ताव पर आगे की चर्चा होनी है. बुधवार को बीजेपी सांसद भूपेंद्र यादव ने सदन में धन्यवाद प्रस्ताप पेश कर दिया था. उच्च सदन में आज संसदीय समितियों की रिपोर्ट भी रखी जानी है. 
    • संसद में आज का एजेंडा

    कोई टिप्पणी नहीं

    कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728