कश्मीर के बड़गाम मुठभेड़ में बुधवार सुबह दो आतंकवादियों को मार गिराया
WAORS हिंदी न्यूज डेस्क »जम्मू कश्मीर
मध्य कश्मीर के बड़गाम में जिले में सुरक्षा घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान मुठभेड़ में बुधवार सुबह दो आतंकवादियों को मार गिराया। वहीं मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों की घेराबंदी एवं तलाश अभियान (कासो) के दौरान आतंकवादियों से मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए जबकि दो जवान शहीद हो गये तथा एक अन्य घायल हो गया था।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी पर चदूरा में तलाश अभियान (कासो) शुरू किया। सुरक्षा बलों के जवान एक विशेष क्षेत्र की ओर बढ़ रहे थे तभी वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों के जवानों ने गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। इस दौरान दो आतंकवादी मारे गये।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद हुए हैं। मारे गए आतंकवादियों की पहचान की जा रही है। मुठभेड़ स्थल के आसपास क्षेत्रों में किसी तरह के प्रदर्शन को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि आम लोगों से आग्रह किया गया है कि वे मुठभेड़ स्थल पर न जाएं क्योंकि वहां बिखरी विस्फोटक सामग्रियां खतरनाक साबित हो सकती हैं। वे इस क्षेत्र की पूरी तरह से सफाई और सभी विस्फोटक सामग्रियों को हटा लिये जाने तक पुलिस के साथ सहयोग करें।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल मुठभेड़ खत्म होते ही कुछ लोग उत्सुकतावश मौके पर पहुंच गये थे। इस बीच वहां पड़ी विस्फोटक सामग्रियों में विस्फोट हो गया था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी।
Posted By :काजल कुमारी
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद