Header Ads

ad728
  • Latest Stories

    LIVE:पंजाब से तमिलनाडु तक अग्निपथ के विरोध की आग की लपटों ने स्टेशन में तोड़फोड़ की



    We%2BNews%2B24%2BBanner%2B%2B728x90


    We News 24 Digital»रिपोर्टिंग सूत्र  / ब्यूरो रिपोर्ट 

    नई दिल्ली :  बिहार में अग्निपथ स्कीम के विरोध में आज बंद बुलाया गया है। लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी की ओर से इस बंद का आह्वान किया गया है, जिसे मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी और जीतनराम मांझी के दल 'हम' ने भी सपोर्ट किया है। इस बीच एहतियात के तौर पर बिहार के ज्यादातर जिलों में मोबाइल इंटरनेट को ही बंद कर दिया गया है ताकि अफवाहों को रोका जा सके। अग्निपथ स्कीम के विरोध का आज चौथा दिन है और लगातार उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों में विरोध जारी है।

    ये भी पढ़े-सीएपीएफ और असम राइफल्स में अग्निवीरों के लिए 10% सीटें होंगी आरक्षित , आयु सीमा में छूट

    अब इस विरोध में राजनीतिक दलों के उतरने से इसकी व्यापकता और बढ़ने की संभावना है। शु्क्रवार को बिहार में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों को फूंक दिया था। इसके अलावा यूपी के बलिया में भी एक ट्रेन की कुछ बोगियों को जला दिया गया था। वहीं तेलंगाना के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर तो उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी थी और इसमें एक शख्स की मौत हो गई थी

    Sat, 18 Jun 2022 12:56 PM

    Agneepath Protest LIVE: पंजाब और तमिलनाडु में भी अग्निपथ के विरोध की आंच, स्टेशन पर तोड़फोड़

    अग्निपथ स्कीम का विरोध अब तमिलनाडु और पंजाब जैसे राज्यों तक पहुंच गया है। एक तरफ पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की है तो वहीं चेन्नै के वॉर मेमोरियल के पास युवा सड़कों पर उतर आए। हालांकि पुलिस नने कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया और अन्य लोगों को समझा-बुझाकर लौटा दिया।

    Sat, 18 Jun 2022 12:17 PM

    Agneepath Protest LIVE: जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर जाम; पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी स्टूडेंट

    राजस्थान में अग्निपथ स्कीम को लेकर चौथे दिन विरोध जारी है। राजस्थान में आज भी कई जिलों में युवा बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भी झड़प हो गई। हरियाणा से सटे अलवर जिल के बहरोड़ में सैकड़ों की संख्या में आर्मी की तैयारी कर रहे युवाओं ने जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। विरोध के चलते यहां तैनात पुलिस से भी प्रदर्शनकारी भिड़ गए। हाईवे के अलग-अलग हिस्सों पर बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है। झुंझुनूं जिले में भी स्टूडेंट्स ने सड़क जाम करने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि यहां के चिड़ावा कस्बे में छात्रों से पुलिस की झड़प भी हुई है। सभी जिलों में प्रदर्शन की आशंकाओं को देखते हुए सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन नजर रख रहा है।


    Sat, 18 Jun 2022 12:01 PM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निपथ स्कीम पर SC में अर्जी, एक्सपर्ट कमेटी से समीक्षा कराने की मांग

    अग्निपथ स्कीम का विरोध अब सुप्रीम कोर्ट की चौखट पर पहुंच गया। सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर सेना में भर्ती की इस योजना की एक्सपर्ट कमेटी का गठन कर जांच कराने की मांग की गई है। अर्जी में कहा गया है कि इस कमेटी का चेयरमैन सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस को बनाया जाना चाहिए। कमेटी की ओर से यह समीक्षा होनी चाहिए कि यह भर्ती स्कीम सेना और देश की सुरक्षा पर क्या असर डालेगी। इसके बाद ही इसे लागू करने पर विचार किया जाना चाहिए। 

    Sat, 18 Jun 2022 11:56 AM

    बंगाल में 13 ट्रेनें अग्निपथ विरोध प्रदर्शन के कारण रद्द

    हावड़ा और पश्चिम बंगाल के अन्य स्टेशनों से शनिवार को रवाना होने वाली दो शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों सहित 13 ट्रेनों को अग्निपथ विरोध प्रदर्शन के कारण रद्द कर दिया गया है। भले ही पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध प्रदर्शन नहीं हुए, लेकिन केंद्र की नई 'अग्निपथ' भर्ती योजना के खिलाफ बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में चल रहे हिंसक आंदोलन के कारण ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। 


    Sat, 18 Jun 2022 11:07 AM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निवीर भर्ती पर राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी पर कसा माफीवीर वाला तंज

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अग्निपथ स्कीम को लेकर मोदी सरकार पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 8 सालों से लगातार भाजपा सरकार ने ‘जय जवान, जय किसान' के मूल्यों का अपमान किया है। मैंने पहले भी कहा था कि प्रधानमंत्री जी को काले कृषि कानून वापस लेने पड़ेंगे। ठीक उसी तरह उन्हें ‘माफ़ीवीर' बनकर देश के युवाओं की बात माननी पड़ेगी और 'अग्निपथ' को वापस लेना ही पड़ेगा। राहुल गांधी ने अग्निवीर भर्ती योजना को लेकल पीएम नरेंद्र मोदी पर माफीवीर वाला तंज कसा है। वह लगातार अग्निपथ स्कीम का विरोध कर रहे हैं और इसे युवाओं के साथ अन्याय बता रहे हैं।


    Sat, 18 Jun 2022 11:06 AM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निपथ को लेकर जौनपुर में बवाल, सैकड़ों युवक सड़क पर उतरे, बस फूंकी, किया पथराव

    अग्निपथ को लेकर शुरु हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार को हिंसक हो गया। विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों के जान की परवाह किए बगैर पथराव कर वाहनों को आग के हवाले कर दिया। जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित बरगुदर पुल व लाला बाजार के बीच सवा घंटे तक दो सौ से अधिक युवको ने जमकर बवाल काटा। सड़क पर लाठी डंडा लेकर उतरे इन युवाओं ने रोडवेज की चार बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। एक सबइंस्पेक्टर के बुलेट व कोबरा की एक अपाची बाइक को आग के हवाले कर दिया। 

    पुलिस वालों पर पथराव किया। जिसमें थानाध्यक्ष सिकरारा विवेक तिवारी, सिपाही अंशुमान यादव समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशू नागपाल, एएसपी शैलेन्द्र सिंह के साथ पीएसी के जवानों ने कड़ा रुख अख्तियार किया। जिसके चलते उपद्रव करने वाले खेतों के रास्ते भागने में सफल रहे। मौके से आधा दर्जन से अधिक उपद्रवियों को पकड़ लिया गया। सवा घंटे तक जौनपुर प्रयागराज मार्ग अवरुद्ध रहा। आम राहगिर डर के मारे एक पेट्रोल पंप पर खड़े होकर बवाल के शांत होने का इंतजार करते रहे। साढ़े आठ बजे से शुरू हुआ उपद्रव करीब सवा दस बजे जाकर शांत हुआ।


    Sat, 18 Jun 2022 10:38 AM

    Agneepath Protest LIVE: बिहार की हिंसा में कोचिंग सेंटरों की भूमिका? अफसर बोले- जांच कर लेंगे ऐक्शन

    पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा है कि अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में हिंसक प्रदर्शन करने वालों से कानून के अनुसार सख्ती से निपटा जाएगा। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित किया गया है। अशांति उत्पन्न करने वालों की पहचान की जा रही है। आठ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों के मोबाइल पर कुछ कोचिंग सेंटरों के वीडियो फुटेज और व्हाट्सएप मैसेज मिले हैं। हम उस आधार पर कोचिंग सेंटरों की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं। जिन कोचिंग संस्थानों की संलिप्तता होगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


    Sat, 18 Jun 2022 10:36 AM

    Agneepath Protest LIVE: यूपी के जौनपुर में अग्निपथ को लेकर भड़की हिंसा, रोडवेज बस को फूंका

    जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र स्थित बर्गर पुल व लाला बाजार के बीच सैकड़ों की संख्या में युवक सड़क पर उतरे । अग्निपथ को लेकर उनका विरोध प्रदर्शन जारी है। एक रोडवेज बस को फूंक दिया। दो रोडवेज बसों में पथराव कर तोड़फोड़ किया । मछली शहर व सिकरारा पुलिस के ऊपर पथराव किया। जिसमें 2 सिपाही जख्मी हो गए ।पुलिस के वाहन को भी युवाओं ने क्षतिग्रस्त कर दिया।


    Sat, 18 Jun 2022 10:35 AM

    Agneepath Protest LIVE: बिहार बंद को लेकर रेलवे ने रद्द की 315 ट्रेनें, दिल्ली-मुंबई जाने वाले हजारों यात्री फंसे

    ट्रेनों में आगजनी और रेल परिसरों में शुक्रवार को हुए उपद्रव को देखते हुए रेलवे ने 18 जून को कुल 315 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। ये ट्रेनें पूर्व मध्य रेलवे के अलग अलग स्टेशनों से खुलती हैं, गुजरती हैं या फिर इनका समापन बिहार के स्टेशनों पर होता है। दिल्ली, मुंबई, बंगलुरू, कोलकाता जाने वाले हजारों यात्री पटना में फंसें हैं। ट्रेनों के रद्द होने से ज़रूरी यात्रा करने वाले लोगों को काफी समस्या आ रही है। 


     

     

    Sat, 18 Jun 2022 10:34 AM

    भाजपा को झेलनी पड़ सकती है इस चुनाव में अग्निपथ की पहली तपिश, नुकसान के आसार

    हरियाणा में 19 जून को होने वाले नगर निकाय चुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन को अग्निपथ के विरोध के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। नई भर्ती योजना का विरोध राज्य के अधिकतर हिस्सों में फैल गया है। इसके साथ ही गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए चुनौती बढ़ती जा रही है। भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर भी रहेगी। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) भी सत्ता पक्ष को कड़ी चुनौती पेश कर रही है। 

    Sat, 18 Jun 2022 10:07 AM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निपथ स्कीम के विरोध में कांग्रेस भी उतरी, कल जंतर-मंतर पर सत्याग्रह

    कांग्रेस ने सेना भर्ती की नई स्कीम अग्निपथ का विरोध करने का ऐलान किया है। पार्टी के सभी सांसद, कार्य समिति के सदस्य और अन्य पदाधिकारी रविवार को जंतर-मंतर पहुंचकर सत्याग्रह करेंगे। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने भी सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

    Sat, 18 Jun 2022 09:48 AM

    Agneepath Protest LIVE: अलीगढ़ पुलिस ने उपद्रवियों की जारी की फोटो, पूछताछ के लिए 30 हिरासत में

    अग्निपथ स्कीम के विरोध में अलीगढ़ में शुक्रवार को हिंसक आंदोलन हुआ था। इस दौरान उपद्रवियों की भीड़ ने टप्पल थाना क्षेत्र में स्थित जट्टारी चौकी में आग लगा दी थी। इसके अलावा बड़े पैमाने पर वाहनों में तोड़फोड़ की गई थी और पत्थर भी फेंके गए थे। अब ऐसे उपद्रवियों की अलीगढ़ पुलिस ने तस्वीरें जारी की हैं। यही नहीं शुक्रवार की रात को ही पुलिस ने तीस लोगों को हिरासत में लिया था और उनसे पूछताछ की जा रही है।
     

    Sat, 18 Jun 2022 09:20 AM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निवीरों को अर्धसैनिक बलों में मिलेगा 10% कोटा, उम्र में भी छूट

    अग्निपथ स्कीम के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। होम मिनिस्ट्री ऑफिस की ओर से बताया गया है कि अग्निवीरों के लिए अर्ध सैनिक बलों और असम राइफल्स की भर्ती में 10 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। यही नहीं मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि अग्निवीरों को अर्ध सैनिक बलों में भर्ती के लिए 3 साल की छूट दी जाएगी। यही नहीं पहले बैच के लिए यह छूट 5 साल की होगी। 

    Sat, 18 Jun 2022 09:03 AM

    Agneepath Protest LIVE: बिहार के 15 जिलों में इंटरनेट पर लगी रोक

    बिहार के 15 जिलों में दो दिनों के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। बिहार बंद के दौरान किसी तरह की अफवाह को रोकने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है।

    Sat, 18 Jun 2022 08:39 AM

    Agneepath Protest LIVE: बिहार बंद में भी आगजनी, ट्रक और बस में लगाई आग

    अग्निपथ स्कीम के विरोध में लगातार चौथे दिन आज आंदोलन हो रहा है। इस बीच बिहार में बुलाया गया बंद भी हिंसक साबित हुआ है। जहानाबाद में बिहार बंद के दौरान टेहटा ओपी के बाहर सड़क पर खड़ी पुलिस द्वारा जब्त ट्रक और बस में उपद्रवियों ने लगाई आग। स्टेशन के पास भी किया हंगामा डीएम, एसपी घटनास्थल पर पहुंचे।
     

    Sat, 18 Jun 2022 08:36 AM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निपथ को लेकर लखनऊ में बढ़ाई गई सुरक्षा, पुलिस ने की ऐसे तैयारी

    अग्निपथ योजना के विरोध प्रदेश के कई शहरों में हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुये लखनऊ में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के आदेश शुक्रवार रात रेलवे, बस स्टेशन, हास्टल व स्टेडियम के पास पुलिस बल की चौकसी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही सभी थानेदारों को अलर्ट कर दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस डयूटी लगा दें। 


    Sat, 18 Jun 2022 08:07 AM

    Agneepath Protest LIVE: सेना में जानेे की तैैयारी कर रहा था पुलिस फायरिंग का शिकार हुआ दामोदर राकेश

    सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस फायरिंग में मारे गए दामोदर राकेश के परिजनों ने कहा कि हमारा बेटा सेना में जाने का बहुत इच्छुक था। 18 साल के राकेश की पुलिस की गोली से मौत हो गई। दरअसल शुक्रवार को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर भीषण उपद्रव मचा था और उसे कंट्रोल करने के लिए फायरिंग करनी पड़ी थी। इस बीच तेलंगाना सरकार ने दामोदर राकेश के परिजनों को 25 लाख रुपये की सहायता राशि और किसी परिजन को नौकरी देने का ऐलान किया है।

    Sat, 18 Jun 2022 08:02 AM

    Agneepath Protest LIVE: नेवी चीफ बोले- ऐसे विरोध का नहीं था अनुमान, स्कीम पर डेढ़ साल तक किया काम

    नेवी चीफ एडमिरल आर. हरि कुमार का कहना है कि उन्हें अग्निपथ स्कीम का इतना तीव्र विरोध होने का अनुमान नहीं था। उन्होंने कहा कि इसके बारे में गलत जानकारी और सही समझ न होने के चलते आंदोलन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने इस तरह के विरोध की कल्पना नहीं की थी। हमने इस स्कीम के लिए करीब डेढ़ साल तक काम किया था।

    Sat, 18 Jun 2022 07:53 AM

    Agneepath Protest LIVE: हरियाणा में किसान आंदोलन जैसे हालात, BJP दफ्तर घेरा,खापों का भी समर्थन

    Agneepath Scheme Protest: हरियाणा के रोहतक में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के बाहर शुक्रवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी कर रहे थे। भारतीय किसान यूनियन के अलावा खाप पंचायतों ने भी इस नए भर्ती सिस्टम का विरोध करने का फैसला लिया है। बड़ी संख्या में युवा और छात्र ट्रैक्टरों और जीपों में भरकर भाजपा कार्यालय पहुंचे और उसका घेराव कर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी दिन भर अनशन करते रहे और अग्निपथ स्कीम का विरोध किया। उनके अलावा खाप पंचायतों ने भी इस लड़ाई में उतरने का फैसला लिया है। 


    Sat, 18 Jun 2022 07:20 AM

    Agneepath Protest LIVE: हरियाणा में भाजपा कार्यालय का घेराव, भाकियू और खापों का समर्थन

    हरियाणा के रोहतक में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय के बाहर शुक्रवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी कर रहे थे। भारतीय किसान यूनियन के अलावा खाप पंचायतों ने भी इस नए भर्ती सिस्टम का विरोध करने का फैसला लिया है। बड़ी संख्या में युवा और छात्र ट्रैक्टरों और जीपों में भरकर भाजपा कार्यालय पहुंचे और उसका घेराव कर प्रदर्शन किया। 

    Sat, 18 Jun 2022 07:00 AM

    Agneepath Protest LIVE: हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन और खाप पंचायतों ने भी किया समर्थन

    हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन और खाप पंचायतों ने भी अग्निपथ स्कीम के खिलाफ जारी प्रदर्शनों में उतरने का फैसला लिया है। शुक्रवार को प्रमुख किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि यह योजना किसानों के लिए दूसरा झटका है। आखिर किसके बच्चे सैनिक होते हैं। हमारे ही बच्चे सेना में जाते हैं। हम उनके लिए लडा़ई लड़ेंगे।

    Sat, 18 Jun 2022 06:47 AM

    Agneepath Protest LIVE: उपद्रवियों पर सख्त हुई सरकार, यमुना एक्सप्रेसवे जाम करने वाले गिरफ्तार

    केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। यमुना एक्सप्रेसवे पर कई युवा उतरे और कुछ समय के लिए यातायात बाधित किया, जिसके बाद गौतम बौद्ध नगर पुलिस ने 225 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और 15 को गिरफ्तार किया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 14 जून को अग्निपथ योजना शुरू की थी। योजना का अनावरण करते हुए, सरकार ने कहा था कि साढ़े 17 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं को चार साल के कार्यकाल के लिए शामिल किया जाएगा, जबकि उनमें से 25 प्रतिशत को बाद में नियमित सेवा के लिए शामिल किया जाएगा। उन्हें 'अग्निवीर' कहा जाएगा।

    पूरी खबर के लिए क्लिक करें।

    Sat, 18 Jun 2022 06:45 AM

    अग्निपथ योजना के खिलाफ आज बिहार बंद, सरकार ने भी कमर कसी

    सेना की नई अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार के छात्र-युवा संगठन आईसा-इनौस, रोजगार संघर्ष संयुक्त मोर्चा और सेना भर्ती जवान मोर्चा ने शनिवार को बिहार बंद का ऐलान किया है। इन संगठनों ने मोदी सरकार को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि सरकार योजना को वापस नहीं लेती, तो आगे भारत बंद किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव ने उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं।


    Sat, 18 Jun 2022 06:44 AM

    Agneepath Protest LIVE: आम आदमी पार्टी 20 जून को करेगी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

    देश के कई राज्यों में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध हो रहा है। अब आम आदमी पार्टी ने भी प्रदर्शन का एलान किया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि अग्निपथ योजना के खिलाफ राजधानी के जंतर मंतर पर 20 जून को संयुक्त आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'अग्निपथ योजना के विरोध में 20 जून को सुबह 11 बजे दिल्ली के जंतर मंतर पर संयुक्त आंदोलन किया जाएगा।'


    Sat, 18 Jun 2022 06:22 AM

    Agneepath Protest LIVE: सही मंशा से लाई गई है स्कीम, कुछ लोग नहीं समझ रहे- केंद्रीय मंत्री

    अग्निपथ स्कीम के विरोध को लेकर केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरण का कहना है कि इसे सही मंशा से लाया गया था, लेकिन कुछ लोग समझ नहीं पा रहे हैं। इसी के चलते इसका विरोध हो रहा है। 

    Sat, 18 Jun 2022 06:20 AM

    Agneepath Protest LIVE: बिहार में गठबंधन सरकार की भी अग्निपरीक्षा, भाजपा की सहयोगी 'हम' भी बंद के समर्थन में

    बिहार में अग्निपथ स्कीम की गठबंधन सरकार की भी अग्निपरीक्षा ले रहा है। एक तरफ भाजपा के साथ सरकार चला रही जेडीयू ने इस मसले पर पुनर्विचार की बात कह दी है तो वहीं गठबंधन का ही हिस्सा जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' ने बंद का समर्थन किया है।

    Sat, 18 Jun 2022 06:17 AM

    Agneepath Protest LIVE: हिंसक प्रदर्शनों पर यूपी सरकार सख्त, अब तक 260 लोग गिरफ्तार

    उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को अग्निपथ स्कीम के विरोध में हिंसक प्रदर्शन करने वाले 260 लोगों को अरेस्ट किया गया है। बलिया में प्रदर्शनकारियों ने एक ट्रेन के खाली डिब्बे को आग के हवाले कर दिया और अलीगढ़ में एक पुलिस चौकी फूंक दी गयी। हिंसक प्रदर्शन के मामले में प्रदेश में अब तक 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में कुछ नौजवानों के एक समूह ने अलीगढ़-पलवल राज्यमार्ग पर स्थित जट्टारी पुलिस चौकी में आग लगा दी। इसके अलावा उन्होंने पुलिस के एक वाहन को भी आग के हवाले कर दिया। कुमार ने बताया कि प्रदेश में 17 जगहों से धरना प्रदर्शन की सूचना आई। हिंसक घटनाओं के मामले में वाराणसी में तीन तथा फिरोजाबाद, अलीगढ़ और गौतम बुद्ध नगर जिलों में एक-एक मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात ग्रस्त पांच जिलों में कुल 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

    Sat, 18 Jun 2022 06:08 AM

    Agneepath Protest LIVE: केजरीवाल सरकार ने भी किया विरोध, 20 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

    दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने भी अग्निपथ स्कीम के विरोध का ऐलान कर दिया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि 20 जून को जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने संयुक्त रोजगार आंदोलन समिति के बैनर तले प्रदर्शन का ऐलान किया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने भी इस स्कीम का विरोध जताया है।

    Sat, 18 Jun 2022 05:48 AM

    Agneepath Protest LIVE: यमुना एक्सप्रेसवे जाम करने वाले 15 लोग गिरफ्तार, 225 पर केस दर्ज

    अग्निपथ विरोध प्रदर्शन के दौरान यमुना एक्सप्रेस-वे जाम करने वाले 15 गिरफ्तार। इसके अलावा पुलिस ने 225 लोगों पर हिंसा का मामला दर्ज किया है। इससे पहले कल बलिया में भी 100 से ज्यादा लोगों को अरेस्ट किया गया था।

    Sat, 18 Jun 2022 05:47 AM

    Agneepath Protest LIVE: अग्निपथ स्कीम के विरोध का आज चौथा दिन, बिहार बना है केंद्र

    अग्निपथ स्कीम के विरोध का आज चौथा दिन है। सेना में भर्ती की नई योजना के विरोध का बिहार गढ़ बनता दिख रहा है। बुधवार से ही सूबे के कई जिलों में आंदोलन चल रहे हैं और कई जगहों पर तो कुछ उपद्रवियों ने जमकर उत्पात भी मचाया है।

    Sat, 18 Jun 2022 05:46 AM

    Agneepath Protest LIVE: आरजेडी ने आज बुलाया है बिहार बंद, वीआईपी और 'हम' का भी समर्थन

    अग्निपथ स्कीम के विरोध में आरजेडी ने आज बिहार बंद बुलाया है। ऐसे में किसी भी अफवाह से बचने के लिए सरकार ने ज्यादातर जिलों में मोबाइल इंटरनेट पर रोक लगा दी है। 

    इस आर्टिकल को शेयर करे .


    Header%2BAidWhatsApp पर न्यूज़ Updates पाने के लिए हमारे नंबर 9599389900 को अपने मोबाईल में सेव  करके इस नंबर पर मिस्ड कॉल करें। फेसबुक-टिवटर पर हमसे जुड़ने के लिए https://www.facebook.com/wenews24hindi और https://twitter.com/Waors2 पर  क्लिक करें और पेज को लाइक करें .

    कोई टिप्पणी नहीं

    कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728