31 दिसंबर 2028 तक भव्य मंदिर में विराजेंगी मां जानकी, पुनौराधाम के विकास को मिलेगी नई रफ्तार: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
सीतामढ़ी, 8 अगस्त 2026। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को माता जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी के पुनौराधाम मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां जानकी की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख-शांति, समृद्धि और विकास की कामना की। इस दौरान उन्होंने पुनौराधाम मंदिर परिसर में नवनिर्मित अस्थायी काष्ठ मंडपम में भगवान श्रीराम एवं माता सीता की प्रतिमाओं की स्थापना भी की।
मुख्यमंत्री ने पुनौराधाम में निर्माणाधीन भव्य माता सीता मंदिर के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। अधिकारियों ने मंदिर के प्रस्तावित मॉडल के माध्यम से मुख्यमंत्री को मंदिर परिसर की विस्तृत योजना और श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी दी।
31 दिसंबर 2028 तक पूरा होगा मंदिर निर्माण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 31 दिसंबर 2028 तक भव्य माता जानकी मंदिर का निर्माण पूरा कर मां जानकी को भव्य मंदिर में स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुनौराधाम मां जानकी की जन्मभूमि होने के कारण बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने कहा कि पुनौराधाम का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मंदिर के विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और बिहार में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का प्रस्ताव
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित मंदिर परिसर में होने वाले निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परियोजना के तहत भव्य मंदिर, परकोटा, यज्ञ मंडप, अनुष्ठान मंडप, पीठाधीश्वर निवास, म्यूजियम, ऑडिटोरियम और महिला हाट सहित कई महत्वपूर्ण भवनों एवं सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौराधाम के विकास से केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।
बज्जिका और सिक्की कला की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
पुनौराधाम मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने बज्जिका कला एवं सिक्की कला पर आधारित शिल्प प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों से उनकी कलाकृतियों और पारंपरिक शिल्प के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय कला एवं शिल्प की विविधता की सराहना करते हुए क्षेत्र की पारंपरिक कला को बढ़ावा देने के महत्व पर भी जोर दिया।
श्रद्धालुओं ने किया मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत
पुनौराधाम पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।
कई मंत्री, सांसद और विधायक रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उद्योग एवं खेल तथा सीतामढ़ी जिले की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नन्द किशोर राम, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक बैद्यनाथ प्रसाद, गायत्री देवी, सुनील कुमार पिंटू, पंकज कुमार मिश्रा, प्रोफेसर नागेंद्र राउत, अनिल कुमार, रामेश्वर कुमार महतो और अमित कुमार भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, जिलाधिकारी रिचि पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
स्थानीय पत्रकार | We News 24
सीतामढ़ी संवाददाता :पवन साह
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद