अमेरिका में जमा देने वाली सर्दी का प्रकोप जारी है, पारा पहुंचा शून्य से 40 डिग्री नीचे, अब तक 21 लोगों की मौत
WAORS हिंदी न्यूज »अमेरिका वाशिंगटन
वाशिंगटन, एजेंसी। मध्य-पश्चिमी अमेरिका में जमा देने वाली सर्दी का प्रकोप जारी है। ठंड के कारण अस्पतालों में हिमदाह के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस स्थिति में ठंड के संपर्क में आने वाले अंग की त्वचा के साथ उस हिस्से के टिश्यू क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। यह नासूर का रूप ले सकता है और अंग को काटने तक की नौबत आ सकती है।
अब तक 21 लोगों की ठंड से मौत
इलिनॉयस के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ऐसे 30 से अधिक मरीजों की हालत बेहद गंभीर है। ठंड से अब तक यूनिवर्सिटी ऑफ आयोवा के 18 वर्षीय छात्र समेत 21 लोगों की मौत हो गई है। कई जगहों पर तापमान अब भी शून्य से 30-40 डिग्री नीचे है। गुरुवार सुबह पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए इलिनॉयस राज्य में तापमान शून्य से 38 डिग्री नीचे पहुंच गया था। शिकागो और आसपास के इलाकों में भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है।
ये भी पढ़े :बड़ा खुलासा :काठमांडू यूएस-बांग्ला एयरलाइंस विमान हादसा ,पायलट के स्मोकिंग करने के वजह से हुआ
बर्फबारी से यातायात पर पड़ा असर
मध्य-पश्चिमी राज्यों में भारी बर्फबारी के कारण यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बर्फ से भरी सड़कों पर दुर्घटनाओं के चलते मिशिगन के अंतरराज्यीय हाईवे को बंद कर दिया गया है। लोगों को ज्यादा से ज्यादा वक्त घरों में ही रहने की सलाह दी गई है। स्कूल और कार्यालय भी बंद हैं। गुरुवार दोपहर तक 2,200 से ज्यादा उड़ानें रद कर दी गई थीं। मौसम विभाग ने हालांकि सप्ताह के अंत तक स्थिति बेहतर होने की संभावना जताई है। बता दें कि अमेरिका में ठंड की वजह से ट्रेन चलाने के लिए पटरियों पर आग जलानी पड़ रही है। ठंड की वजह से कई ट्रेनें रद कर दी गई हैं।
पूर्वोत्तर में भी ठंड बढ़ने की आशंका
न्यूयॉर्क समेत देश के पूर्वोत्तर इलाके में भी तापमान घटने की आशंका जताते हुए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर का कहना है कि बर्फीली हवाओं के कारण न्यूयॉर्क का तापमान भी शून्य से नीचे जा सकता है।
Posted by:ज्योति कुमारी

कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद