सीतामढ़ी:24 फरवरी का दिन इतिहास के पन्नों में एक यादगार दिन बन कर दर्ज हो गया।
WAORS हिंदी न्यूज डेस्क »सीतामढ़ी बिहार
कैमरामैन पवन साह रिपोर्टर राम कुमार
सीतामढ़ी।के लिए 24 फरवरी का दिन एक यादगार दिन बन कर दर्ज हो गया सीतामढ़ी स्टेशन पर रविवार की शाम पांच बजे सांसद राम कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखा कर हसरतों की ट्रेन को रवाना किया। गौरव के इस पल के गवाह बने हजारों लोग। सैकड़ों लोगों ने इस पल की तस्वीर और वीडियो बनाई तो सैकड़ों ने ट्रेन के साथ सेल्फी ली। सुगौली से चल कर सीतामढ़ी पहुंची यह ट्रेन सीतामढ़ी स्टेशन पर महज दस मिनट तक ही रूकी रही, लेकिन इस ट्रेन को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लंबे समय से इंतजार कर रहे लोग ट्रेन परिचालन होते देख काफी उत्साहित नजर आए।
दिल्ली की दूरी होगी अब 172 किलोमीटर कम
सांसद राम कुमार शर्मा ने बताया कि रेलवे के क्षेत्र में सीतामढ़ी में इस साल कई उल्लेखनीय कार्य हुए। बताया कि अब सीतामढ़ी से देश की राजधानी दिल्ली की दूरी 172 किमी कम हो जाएगी। जिलेवासियों की परेशानी को देखते हुए उनकी पहल पर पूर्व मध्य रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन का रूट बदल दिया है। इसके तहत अब लिच्छवी और सदभावना एक्सप्रेस का परिचालन सीतामढ़ी से होगा। बताया कि गाड़ी संख्या 14005 सीतामढ़ी-नई दिल्ली लिच्छवी एक्सप्रेस का रूट बदल जाएगा। अब लिच्छवी एक्सप्रेस सीतामढ़ी से रक्सौल के रास्ते दिल्ली जाएगी। इससे दिल्ली की दूरी 172 किमी कम हो जाएगी। जबकि 14007 सदभावना एक्सप्रेस का परिचालन सीतामढ़ी से होगा। वहीं स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस अब दरभंगा से खुलकर सीतामढ़ी और रक्सौल होते हुए दिल्ली को जाएगी। कर्मभूमि समेत कई ट्रेनों का रूट बदलेगा। सांसद ने बताया कि दरभंगा-सीतामढ़ी-नरकटियागंज के बीच विद्युतीकरण कार्य हर हाल में इस साल जून तक पूरा कर लिया जाएगा। विद्युतीकरण के बाद सीतामढ़ी से राजधानी और दुरंतों के परिचालन की राह भी आसान हो जाएगी। पुपरी और सीतामढ़ी के मेहसौल में आरओबी जल्द ही बन कर तैयार होगा। पुपरी में तेजी से काम हो रहा। मेहसौल में आरओबी बन कर तैयार है, पहुंच पथ के निर्माण के लिए सरकार ने फंड दे दिया है। शीघ्र ही काम पूरा हो जाएगा।
बाजपट्टी के विजय ने लिया पहला टिकट
सीतामढ़ी : सीतामढ़ी से पाटलीपुत्रा के लिए खुली इंटरसिटी ट्रेन का पहला टिकट बाजपट्टी के विजय कुमार ने लिया। विजय ने 40 रुपये देकर पटना के लिए टिकट कटवाया। विजय समेत 72 लोग इस ट्रेन से पटना के लिए रवाना हुए। पहला टिकट कटवाने के चलते विजय यात्रा को लेकर उत्साहित नजर आए। इस ट्रेन से सफर करने वाले दीपेंद्र कुमार, मनोज कुमार और रोहन ने बताया कि वैसे तो वह बस से पटना जाते रहे है, लेकिन आज से ट्रेन चलने के चलते वे बस के बजाए ट्रेन से जा रहे है। 60 वर्षीय रामश्रेष्ठ ¨सह ने बताया कि उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी कि वह सीतामढ़ी से डायरेक्ट पटना का सफर करेंगे। यह उनके लिए सपना ही था। लेकिन आज उनका सपना सच हो गया। ट्रेन में बैठ कर पटना जा रहे है। इसकी खुशी है, लेकिन लग रहा है कि जैसे सपना ही देख रहे है।
स्टेशन था तैयार
सुगौली-सीतामढ़ी पटना इंटरसिटी ट्रेन के परिचालन को लेकर अहले सुबह से रेलवे के वरीय अधिकारी सीतामढ़ी पहुंच गए थे। इस दौरान स्टेशन की तस्वीर बदली रही। बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहे। जबकि रेलवे के अधिकारी धमा चौकड़ी करते रहे।
सांसद ने कहा पूरा हुआ वादा
सीतामढ़ी सांसद राम कुमार शर्मा ने ट्रायल इंटरसिटी ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर सांसद राम कुमार शर्मा ने इस पल को ऐतिहासिक करार दिया। कहा कि उन्होंने इलाके की जनता से जो वादा किया था, वह आज पूरा हो रहा है। सांसद ने कहा कि अब सीतामढ़ी के लोग ट्रेन के जरिए पटना तक सफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पटना से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन सीतामढ़ी रूट से कराया जाएगा। सांसद ने कहा कि माता जानकी और क्षेत्र की जनता के आर्शीवाद से आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। मौके पर थे मौजूद
मौके पर समस्तीपुर मंडल के रेल प्रबंधक आरके जैन, सहायक मंडल रेल प्रबंधक संत कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल रेल प्रबंधक( वाणिज्य ) वीरेंद्र कुमार, सीनियर डीईएन सुमन कुमार भारती, सीनियर डीओएम अमरेश कुमार, डीसीएम आशुतोष शरण, यातायात निरीक्षक अनिल कुमार, सीआरएस केके श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक मदन प्रसाद, वाणिज्य अधीक्षक हरी किशोर राम, वाणिज्य निरीक्षक प्रेम शंकर दास, स्टेशन मास्टर सुनील कुमार, अजय कुमार, प्रधान टिकट परीक्षक आरबी राम, दुर्गा मोची, रेल थानाध्यक्ष तपेश्वर प्रसाद, रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, विधायक सुनील कुमार कुशवाहा, लोक अभियोजक सह स्टेट बार काउंसिल के सदस्य अरुण कुमार ¨सह, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, नगर परिसद के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार, जदयू जिलाध्यक्ष राणा रणधीर ¨सह चौहान, रासोलपा जिलाध्यक्ष राम लक्षण ¨सह कुशवाहा समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
सीतामढ़ी से आठ बजे खुलेगी ट्रेन
सोमवार से सुगौली-रक्सौल-सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर, हाजीपुर-पाटलीपुत्र इंटरसिटी ट्रेन का नियमित रूप से परिचालन होगा। संख्या 75215 सुगौली-पाटलीपुत्र डेमू ट्रेन सुबह 3.45 बजे सुगौली से खुलेगी। 4.59 बजे सुबह धरमिनिया हॉल्ट, 5.08 बजे रामगढ़वा, 5.17 बजे मसनडीह और 5.30 बजे रक्सौल पहुंचेगी। रक्सौल से यह ट्रेन 6 बजे रवाना होगी। 6.16 बजे आदापुर, 6.32 बजे छौड़ादानों, 6.50 बजे घोड़ासहान, 7.13 बजे बैरगनिया और 8 बजे सुबह सीतामढ़ी पहुंचेगी। सीतामढ़ी से 8.05 बजे खुलेगी। 8.11 में डुमरा, 8.19 में गाढ़ा, 8.30 में न्यू रून्नीसैदपुर, और 9.45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। 9.50 में यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से खुलेगी और 12 बजे हाजीपुर पहुंचेगी। वहीं डेढ़ बजे दिन में पाटलीपुत्रा पहुंचेगी। जबकि ट्रेन संख्या 75216 डेमू ट्रेन पाटलीपुत्रा स्टेशन से 14 बजे दिन में खुलेगी। 15 बजे हाजीपुर, 16.50 बजे मुजफ्फरपुर, 18.05 बजे न्यू रून्नीसैदपुर, 18.15 में गाढ़ा, 18.27 में डुमरा और 18.40 बजे सीतामढ़ी स्टेशन पर पहुंचेगी। सीतामढ़ी स्टेशन से 18.45 बजे ट्रेन खुलेगी। 19.35 बजे बैरगनिया, 19.59 बजे घोड़ासहान, 20.14 बजे छौड़ादानों, 2208 बजे आदापुर, 22.45 बजे रक्सौल, 23.25 बजे मसनाडीह, 23.40 बजे रमगढ़वा, 23.50 बजे धरमिनिया हॉल्ट और 4.45 बजे सुबह सुगौली पहुंचेगी।
Posted By:कोमल कुमारी




कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद