Header Ads

ad728
  • Latest Stories

    Weather Report: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश के बाद सर्द हुआ मौसम, हिमाचल में भारी हिमपात की संभावना

    WAORS हिंदी न्यूज डेस्क »नई दिल्ली

    दिल्ली-एनसीआर में देर शाम अचानक हुई बारिश से एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाके में हुई बारिश के बाद ठंड हवाओं ने मौसम को सर्द कर दिया। वहीं मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के लिए भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।

    हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को हो सकता है भारी हिमपात
    मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को भारी हिमपात और बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि राज्य के ऊंचे और मध्यम पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात तथा निचले पहाड़ी तथा मैदानी इलाकों में 26 फरवरी को भारी बारिश होगी। लाहौल और स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलोंग तथा किन्नौर के कल्पा में रविवार शाम साढ़े पांच बजे से सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक क्रमश: दो और नौ सेंटीमीटर हिमपात हुआ।

    मौसम विभाग ने कहा कि न्यूनतम तापमान में सोमवार को मामूली बढ़ोतरी हुई। केलोंग राज्य में लगातार सबसे ठंडा स्थान बना रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, कल्पा में यह शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 2.1, डलहौजी में 0.8 और सोलन में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
    दिल्ली में औसत तापमान तीन डिग्री नीचे गिरा
    राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह सर्द रही। यहां का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री नीचे है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। दिन में बदली छाई रह सकती है। दोपहर के अंत तक या शाम को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।” आर्द्रता सुबह 8.30 बजे 86 फीसदी दर्ज की गई।
    अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, एक दिन पहले रविवार को अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री ऊपर 23.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान औसत  से एक डिग्री नीचे 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
    बिहार में आंशिक बदली छाई, लुढ़का पारा
    बिहार की राजधानी पटना तथा राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार को आंशिक बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूवार्नुमान में कहा है, “अगले एक-दो दिनों के दौरान पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा कई जिलों में बारिश होने की भी संभावना है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी।”


    पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक भागलपुर का सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस, गया का 13.0 डिग्री तथा पूर्णिया का 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का रविवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 26.4  डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। 
    Posted By:विवेक कुमार 

    कोई टिप्पणी नहीं

    कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728