मुंबई: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मरहूम बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के घरेलू स्टाफ दीपेश सांवत को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दीपेश की गिरफ्तारी सुशांत की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले की छानबीन के दौरान सामने आए ड्रग संबंधी मामले में हुई है। रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक और सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुएल मिरांडा ने मामले में दीपेश के नाम का खुलासा किया था, जिसके बाद एनसीबी ने शनिवार शाम को सावंत को गिरफ्तार कर लिया। शोविक और मिरांडा को एनसीबी ने शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया था।
दीपेश सावंत का बड़ा खुलासा दीपेश सावंत सुशांत सिंह का स्टाफ कर्मी है। जानकारी के अनुसार, एनसीबी दीपेश को सरकारी गवाह के रूप में कोर्ट में पेश करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक दीपेश ने एनसीबी को बताया है कि सुशांत के घर पर ड्रग पार्टी काफी आम थी। ड्रग पार्टी में कई दोस्त आया करते थे। हैरानी इस बात की है कि दर्ज किए गए बयान में बताया गया है कि कुछ बॉलीवुड सेलेब्स भी इन पार्टी में शामिल हुआ करते थे। वहीं दीपेश सांवत ने भी जांच के दौरान ये माना है कि वो सुशांत और रिया दोनों को ड्रग सप्लाई किया करता था। अब ये अपनेआप में बड़ा बयान है क्योंकि रिया ने लगातार दावा किया है कि वे ड्रग्स नहीं लेती थीं।
इससे पहले दिन में, एनसीबी को शोविक और मिरांडा की चार दिनों के लिए 9 सितंबर तक कस्टडी मिली थी। शोविक और मिरांडा को एनसीबी ने एक अन्य गिरफ्तार आरोपी अब्देल बासित परिहार से मादक पदार्थ खरीदने की पुष्टि होने के बाद गिरफ्तार किया। परिहार को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। उसी ने एनसीबी को बताया था कि शोविक और मिरांडा उससे नशे का सामान खरीदते थे और बदले में उसे गूगल पे से भुगतान करते थे।
एनसीबी को परिहार की भी कस्टडी नौ सितम्बर तक मिली है। एक एनसीबी अधिकारी ने कहा कि शोविक और मिरांडा से पूछताछ की जाएगी और साथ ही उनके बयानों को परिहार के बयान से भी मिलाने की कोशिश होगी। साथ ही एनसीबी ने शोविक और मिरांडा के लैपटॉप और फोन भी जब्त कर लिए हैं। इन दोनों से हासिल सबूतों को लेकर भी एनसीबी इन दोनों से पूछताछ करेगी।
सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में तीन ओर से जांच चल रही है। सीबीआई जहां हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है वहीं ईडी इस मामले से जुड़े वित्तीय पहलुओं को खंगालने की कोशिश में हैं और अब एनसीबी इस मामले से जुड़े ड्रग कनेक्शन की जांच कर रही है।
Author Details WE NEWS 24 एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और समर्पित हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो समाज, र
WE NEWS 24 एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और समर्पित हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जो समाज, राजनीति, धर्म, शिक्षा, अपराध, ग्रामीण विकास और मानवाधिकार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बेबाक और तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग करता है।
हमारा लक्ष्य केवल खबरें दिखाना नहीं, बल्कि उन सच्चाइयों को उजागर करना है जिन्हें मुख्यधारा की मीडिया अक्सर अनदेखा कर देती है।