दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, 222 यात्रियों के साथ लखनऊ में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
We News 24 : डिजिटल डेस्क »✍️✍️ रिपोर्ट: अमित त्रिपाठी
📍 नई दिल्ली / लखनऊ | वी न्यूज 24
📰 पूरा समाचार:
नई दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान के बीच ही विमान में बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा कारणों से विमान को तुरंत लखनऊ की ओर डायवर्ट कर दिया गया, जहां सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
इंडिगो की यह फ्लाइट 6E 6650 सुबह दिल्ली से 222 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। उड़ान सामान्य तरीके से आगे बढ़ रही थी, तभी करीब सुबह 8:46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को विमान में बम होने की सूचना मिली। इसके बाद पूरे सिस्टम में हड़कंप मच गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत बिना कोई जोखिम लिए विमान को तत्काल नजदीकी सुरक्षित एयरपोर्ट लखनऊ की तरफ मोड़ दिया गया। पायलट और क्रू मेंबर्स ने पूरी सूझबूझ के साथ स्थिति को संभालते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
जांच एजेंसियों की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि विमान के अंदर एक टिशू पेपर पर हाथ से लिखा संदेश मिला, जिसमें लिखा था —
👉इसे भी पढ़े- बिहार में इतिहास रचने जा रहा है दुनिया का सबसे बड़ा शिवलिंग, 17 जनवरी को केसरिया में होगी स्थापना, 3 किमी पैदल चलकर करेंगे दर्शन
“प्लेन में बम है।”
यह संदेश मिलते ही फ्लाइट के अंदर यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि क्रू मेंबर्स ने यात्रियों को शांत रखा और किसी भी तरह की भगदड़ की स्थिति नहीं बनने दी।
लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस, CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनकी स्क्रीनिंग की गई और विमान की गहन तलाशी शुरू की गई।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह वास्तविक धमकी थी या किसी शरारती तत्व की हरकत। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि टिशू पेपर पर संदेश किसने और कब लिखा।
इस घटना के बाद एक बार फिर विमानन सुरक्षा और एयरपोर्ट स्क्रीनिंग सिस्टम को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद