सीतामढ़ी में बढ़ती छिनैती की घटनाओं से व्यापारियों में रोष, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने एसपी से मिलकर उठाया सुरक्षा का मुद्दा
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
वी न्यूज 24 | सीतामढ़ी
सीतामढ़ी: जिले में दिनोंदिन बढ़ती छीन-झपट और अपराधिक घटनाओं ने आम जनता के साथ-साथ कारोबारियों की नींद उड़ा रखी है। ताजा मामला शहर के सीताराम चोक का है, जहां दिनदहाड़े दो बाइक सवार युवकों ने एक महिला के गले से चेन झपट कर फरार हो गए। इस घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी और प्रशासन के कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला
इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए सीतामढ़ी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष दर्शन कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बढ़ती छिनैती और लूटपाट की वारदातों को लेकर गहरी चिंता जताई और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ये खबर भी पढ़े-
सीतामढ़ी धाम में जानकी प्राकट्य महोत्सव की तैयारी जोरों पर, निशान यात्रा को लेकर शहर में कूपन वितरण तेज
"व्यवसायियों और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में"
चैंबर अध्यक्ष दर्शन कुमार ने एसपी को बताया कि सीताराम चोक की वारदात महज एक उदाहरण है, इससे पहले भी कई बार बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जब बाजार के बीचों-बीच दिन के उजाले में चेन स्नैचिंग जैसी घटनाएं हो रही हैं तो आम नागरिक और महिलाएं अपने आप को कितना असुरक्षित महसूस कर रही हैं, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऐसे मामलों में राहगीरों और आसपास के लोगों की मौजूदगी के बावजूद भी अपराधी फरार हो जाते हैं, जो कि कानून व्यवस्था की बड़ी विफलता को दर्शाता है। व्यापारियों ने मांग की कि बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए और संवेदनशील इलाकों में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए।
ये भी पढ़े-
दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: महरौली से ‘गुनगुन-समीर-राहुल’ गिरोह गिरफ्तार, महिला बनाती थी ‘इशारों का जाल’
एसपी ने दिया आश्वासन, बोले- जल्द होगी सख्त कार्रवाई
एसपी अमित रंजन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि बढ़ती छिनैती की घटनाओं पर जल्द ही लगाम लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया है और जल्द ही बाजार क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी जाएगी। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की जा रही हैं।
एसपी ने यह भी आश्वासन दिया कि सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और तकनीकी पहलुओं पर भी काम किया जाएगा ताकि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में आसानी हो। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे खुद भी अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा उपायों पर ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
"सीताराम चोक वारदात का खुलासा जल्द होगा"
सीताराम चोक में बीते कल हुई चेन स्नैचिंग की वारदात पर एसपी ने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि यदि अगले कुछ दिनों में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन की चेतावनी देंगे। फिलहाल व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर काफी आक्रोश है।
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद