कलवार-कलाल-कलार समाज की राष्ट्रीय पंचायत, कोलकाता में होगा भविष्य का रोडमैप तय
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
कोलकाता | वरिष्ठ पत्रकार दीपक कुमार
देशभर के कलवार, कलाल, कलार एवं कलचुरी समाज के प्रतिनिधियों का महाकुंभ आगामी 14 जून 2026 को कोलकाता में आयोजित होने जा रहा है। अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के तृतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक, सर्वोच्च अधिकार समिति की बैठक तथा पश्चिम बंगाल जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं मंगल मिलन समारोह एक साथ आयोजित किया जाएगा।
महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय युवा प्रभारी एडवोकेट शैलेन्द्र जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह भव्य आयोजन कोलकाता के तेघोरिया स्थित वरमाला बैंक्वेट के वातानुकूलित सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम का संचालन पश्चिम बंगाल जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजनारायण जायसवाल, प्रदेश महासचिव धर्मेन्द्र जायसवाल एवं उनकी टीम के नेतृत्व में किया जाएगा।
ये भी पढ़े-
घिटोरनी महादेव मंदिर में PM मोदी के सर्वाधिक कार्यकाल पर भव्य हवन-कीर्तन | सतीश लोहिया ने किया आयोजन
कई राज्यों के मंत्री, सांसद और विधायक होंगे शामिल
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कटिहार के वरिष्ठ विधायक तार किशोर प्रसाद, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल सहित विभिन्न राज्यों के सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में सभी विशिष्ट अतिथियों का नागरिक अभिनंदन और सम्मान भी किया जाएगा।
राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में होंगे अहम फैसले
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर "पापा मोदी" जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक में पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, उद्योगपति अशोक जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार जायसवाल, राष्ट्रीय संयोजक जायसवाल अटल गुप्ता, बंगाल प्रभारी ईश्वरचंद साव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ जायसवाल, पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल, राजनीतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक राजाराम शिवहरे, युवा अध्यक्ष राजा चौधरी, राष्ट्रीय युवा महासचिव नितेश जायसवाल, महिला महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक अनुपमा जायसवाल सहित देशभर के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
समाज के राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक भविष्य पर होगा मंथन
बैठक में समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, सामाजिक एकता, शैक्षणिक विकास और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा होगी। विशेष रूप से कलवार, कलाल, कलार एवं कलचुरी समाज के विभिन्न उपवर्गों के बीच सामाजिक समन्वय, रोटी-बेटी संबंधों को मजबूत करने तथा आगामी चुनावों में समाज की राजनीतिक भूमिका तय करने पर विचार किया जाएगा।
इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगी चर्चा
बैठक में जातीय जनगणना में "कलाल, कलवार और कलार" शब्दों की अनिवार्यता, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में महासभा की भूमिका, संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, छात्रवृत्ति योजनाओं के विस्तार, मेधावी एवं जरूरतमंद छात्रों की आर्थिक सहायता, गरीब कन्याओं के विवाह सहयोग, आपातकालीन सहायता तंत्र और राष्ट्रीय समन्वय समिति के गठन जैसे विषयों पर प्रस्ताव रखे जाएंगे।
महासभा ने बताया कि वर्तमान में एक मेधावी छात्र को अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा द्वारा ₹3000 प्रतिमाह तथा पश्चिम बंगाल जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा द्वारा ₹3000 प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जा रही है। इस मॉडल को देशभर में लागू करने की दिशा में भी चर्चा होगी।
समाज को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है सम्मेलन
आयोजकों का दावा है कि यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि पूरे कलचुरी, कलवार, कलाल एवं जायसवाल समाज के भविष्य की दिशा तय करने वाला राष्ट्रीय मंच साबित होगा, जहां सामाजिक एकता, राजनीतिक भागीदारी और युवाओं के नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
— We News 24
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद