बिहटा में अवैध बालू खनन पर पुलिस की कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार; शराब और मारपीट के मामलों में तीन फरार आरोपी भी दबोचे
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
पटना/बिहटा। अवैध बालू खनन और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहटा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी अवैध बालू खनन एवं कारोबार में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनु कुमार, जितेंद्र कुमार और शैलेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दो दिन पहले जिला खनन विभाग और बिहटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध बालू खनन एवं कारोबार के खिलाफ केल्हनपुर गांव स्थित बालू घाट पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया था। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही तीनों ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार चालकों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
ये खबर भी पढ़े-
मोतिहारी से चलेगी ज्योतिर्लिंग दर्शन और शिर्डी साईं यात्रा, 1 सितंबर से भारत गौरव ट्रेन की शुरुआत
2014 से शराब मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
बिहटा थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में शराब से जुड़े मामले में करीब 12 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सुरेंद्र यादव वर्ष 2014 से शराब के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में फरार था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज पुराने मामले और पूर्व की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
मारपीट के मामले में दो आरोपी दबोचे गए
इसके अलावा बिहटा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव से मारपीट के मामले में वर्षों से फरार दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवसहाय राय और अमरजीत कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मारपीट से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
ये खबर भी पढ़े-
बिहटा में नवनिर्मित चीनी मिल ओपी का उद्घाटन, क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
अवैध खनन पर पुलिस की नजर
बिहटा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध बालू खनन एवं कारोबार को लेकर पुलिस और खनन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। हालिया कार्रवाई के बाद तीन ट्रैक्टरों को जब्त किए जाने और उनके चालकों की गिरफ्तारी से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस का कहना है कि अवैध खनन, शराब कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बिहार > पटना > बिहटा
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद