मेहसौल ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
सीतामढ़ी में डीएम रिची पाण्डेय ने मेहसौल ओवरब्रिज निर्माण का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों को सितंबर तक शेष कार्य पूरा करने और निर्माण की प्रतिदिन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
सीतामढ़ी। मेहसौल ओवरब्रिज परियोजना के निर्माण कार्य को लेकर जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने गुरुवार को निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति, अतिक्रमण, जलजमाव और सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं और संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर आम लोगों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
ये खबर भी पढ़े-
बिहटा में अवैध बालू खनन पर पुलिस की कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर चालक गिरफ्तार; शराब और मारपीट के मामलों में तीन फरार आरोपी भी दबोचे
रेलवे हिस्से के निर्माण की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे की ओर से बनाए जा रहे हिस्से का भी मुआयना किया। उन्होंने बताया कि रेलवे से जुड़े कार्यों को लेकर लगातार समन्वय और लाइजनिंग की जा रही है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि रेलवे से जुड़े तीन स्पैन को छोड़कर शेष कार्य सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे की ओर से लॉन्चिंग का कार्य पूरा होने के बाद बचे हुए तीन स्पैन का निर्माण भी लगभग तीन महीने के भीतर पूरा किया जाना है।
सुपर स्ट्रक्चर के कई कार्य जारी
संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बताया कि परियोजना के तहत सुपर स्ट्रक्चर से संबंधित बेयरिंग कोट, एक्सपेंशन जॉइंट, क्रैश बैरियर और आरई वॉल का कार्य जारी है।
जिलाधिकारी ने एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए मैनपावर और मशीनरी की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि शेष कार्यों को हर हाल में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए।
ये खबर भी पढ़े-
मोतिहारी से चलेगी ज्योतिर्लिंग दर्शन और शिर्डी साईं यात्रा, 1 सितंबर से भारत गौरव ट्रेन की शुरुआत
प्रतिदिन होगी निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा के साथ-साथ निर्माण एजेंसी के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। निर्माण कार्य में लगाए गए संसाधनों का भी नियमित अनुश्रवण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा भी लगातार की जा रही है, ताकि निर्माण में आने वाली बाधाओं को समय रहते दूर किया जा सके और ओवरब्रिज का लाभ जल्द से जल्द आम लोगों को मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर, सीओ सदर, डीपीआरओ कमल सिंह, कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि तथा बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: पवन साह , सीतामढ़ी
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद