Header Ads

ad728
  • Latest Stories

    बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव की आज से शुरुआत, शाम को निकलेगी भव्य निशान यात्रा

     


    बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव की आज से शुरुआत, शाम को निकलेगी भव्य निशान यात्रा

    नेवतन के साथ शुरू होगा तीन दिवसीय जन्मोत्सव, 12 सितंबर को प्रातः 4 बजे से होगी विशेष पूजा-अर्चना


    ad728


    📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल

    सिनियर रिपोर्टर दीपक कुमार एवं पवन साह | We News 24

    सीतामढ़ी। बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव समारोह को लेकर सीतामढ़ी में आज 11 सितंबर 2026 से तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन की धूम शुरू हो गई है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

    जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत आज 11 सितंबर को अपने इष्ट देवता सहित सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण एवं नेवतन दिया जाएगा। इसके बाद शाम करीब 7 बजे बाबा गणिनाथ गोविन्द मंदिर, बायपास से भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी।

    निशान यात्रा बाबा गणिनाथ गोविन्द मंदिर बायपास से प्रारंभ होकर जानकी स्थान, सोनापट्टी, महंथ साह चौक, बासुश्री सिनेमा, कोट बाजार, ब्रह्म स्थान एवं शैलेश स्थान होते हुए पुनः बाबा गणिनाथ गोविन्द मंदिर पहुंचेगी, जहां निशान यात्रा का समापन होगा। निशान यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।




    12 सितंबर को प्रातः 4 बजे से शुरू होगी पूजा-अर्चना

    जन्मोत्सव का मुख्य धार्मिक आयोजन 12 सितंबर 2026 को प्रातः करीब 4 बजे से शुरू होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सबसे पहले मुख्य यजमान अमरेन्द्र कुमार बाबा गणिनाथ गोविन्द की विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद अन्य श्रद्धालु एवं भक्तजन पूजा-अर्चना करेंगे।

    आयोजकों के अनुसार पूजा का सिलसिला सुबह से लेकर रात तक जारी रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाहर से आने वाले लोगों के लिए तीन धर्मशालाओं में ठहरने एवं विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई है। इससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।

    इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं महाप्रसाद की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति की ओर से आने वाले भक्तों के लिए भोजन एवं प्रसाद की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि जन्मोत्सव में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।




    13 सितंबर को बेत पूजन के साथ होगा समापन

    बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव समारोह का समापन 13 सितंबर 2026 को बेत पूजन के साथ होगा। इसके बाद देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे। भक्तजन बाबा गणिनाथ गोविन्द का आशीर्वाद लेकर अगले वर्ष फिर जन्मोत्सव में शामिल होने की उम्मीद के साथ विदा होंगे।

    आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान

    समारोह को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम की देखरेख अध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता, सचिव शशि कुमार, महामंत्री सुरेश गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष छोटू कुमार कर रहे हैं।

    इसके अलावा समिति के सदस्य प्रेम साह, कैलाश साह, विश्वनाथ साह, विनय कुमार, पारस कुमार, विशाल कुमार, बिट्टू, लाल बाबू शाह, अरुण शाह, किरण गुप्ता, जादू, दीनानाथ शाह एवं रमाशंकर शाह सहित अन्य सदस्यों द्वारा आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया जा रहा है।

    पूजा एवं धार्मिक कार्यक्रमों में पुजारी असरफी साह एवं भुनेश्वर भगत जी की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, भंडारा एवं प्रसाद सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समिति के सदस्य लगातार कार्य कर रहे हैं।

    कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं मीडिया व्यवस्था की जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी दीपक कुमार एवं सह-मीडिया प्रभारी पवन साह संभाल रहे हैं।

    आयोजन समिति ने बताया कि बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, भाईचारे और श्रद्धा का भी प्रतीक है। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।



    समारोह को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ मंदिर कमेटी के सदस्यों का भी अथक प्रयास जारी है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा गणिनाथ गोविन्द का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा जारी व्यवस्था एवं निर्देशों का सहयोग पूर्वक पालन करें।

    रिपोर्टर: पवन साह

    वी न्यूज 24, सीतामढ़ी

    Permalink

    baba-ganinath-govind-janmotsav-2026-sitamarhi-nishan-yatra-pooja

    कोई टिप्पणी नहीं

    कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728