ध्वजारोहण और हनुमान आराधना के साथ बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव का भव्य शुभारंभ

📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
श्रद्धा और भक्ति के माहौल में उमड़े श्रद्धालु, भंडारा एवं महाप्रसाद का भी हुआ आयोजन
सीतामढ़ी। बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ आज विधिवत ध्वजारोहण और हनुमान आराधना के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में हुआ। दोपहर 12 बजे ध्वजारोहण किया गया, जिसके बाद दोपहर 2 बजे से प्रभु इच्छा तक हनुमान आराधना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा गणिनाथ गोविन्द के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं महाप्रसाद की व्यवस्था तपेश्वर कुमार गुप्ता की ओर से की गई। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
समारोह को सफल बनाने में आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम की देखरेख अध्यक्ष अमरनाथ गुप्ता, सचिव शशि कुमार, महामंत्री सुरेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष छोटू कुमार ने की।
इसके अलावा समिति के सदस्य प्रेम साह, कैलाश साह और विश्वनाथ साह, पुजारी असरफी साह एवं भुनेश्वर भगत जी सहित अन्य लोगों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं मीडिया व्यवस्था की जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी दीपक कुमार एवं सह-मीडिया प्रभारी पवन साह ने संभाली। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा परिसर धार्मिक वातावरण से सराबोर रहा।
आयोजकों ने बताया कि बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने वाले विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और आने वाले कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
समारोह समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जन्मोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा गणिनाथ गोविन्द का आशीर्वाद प्राप्त करें।
रिपोर्टर: पवन साह (वी न्यूज 24, सीतामढ़ी)

कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद