जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने रुन्नीसैदपुर, नानपुर व बोखरा प्रखंड-अंचल कार्यालयों का किया निरीक्षण
सहयोग शिविर को प्रभावी बनाने, राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन और जनहितकारी योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
जिलाधिकारी सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने बुधवार को रुन्नीसैदपुर, नानपुर और बोखरा प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। नानपुर एवं बोखरा में प्रखंड और अंचल स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विकासात्मक एवं राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी प्रतिबद्धता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचना सुनिश्चित करना संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। प्रशासनिक कार्यों का केंद्रबिंदु जनहित होना चाहिए और आम लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई नहीं होनी चाहिए।
ये खबर भी पढ़ें
ध्वजारोहण और हनुमान आराधना के साथ बाबा गणिनाथ गोविन्द जन्मोत्सव का भव्य शुभारंभ
जिलाधिकारी ने कार्यालयों में संधारित कैश बुक, आगत-निर्गत पंजी, उपस्थिति पंजी सहित अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया और सभी अभिलेखों को नियमानुसार अद्यतन रखने तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया।
नल-जल योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने नल-जल अनुरक्षकों के लंबित भुगतान का शीघ्र निष्पादन करने और बंद पड़ी योजनाओं को जल्द चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और जनहित के मामलों को प्राथमिकता देने, आम लोगों से शिष्ट व संवेदनशील व्यवहार करने तथा समस्याओं को टालने के बजाय त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह के साथ प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद