महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 20 जून को डुमरा घेराव
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
सीतामढ़ी | स्थानीय संवाददाता पवन साह
बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के विरुद्ध बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर आगामी 20 जून को जिला मुख्यालय डुमरा का घेराव किया जाएगा।
इस संबंध में गुरुवार को ललित आश्रम गांधी मैदान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला मुख्यालय घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है और आम जनता की कमर टूट चुकी है। वहीं नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।
ये भी पढ़े-
सीतामढ़ी के रेल यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर रेलवे मंत्रालय को भेजा गया मांग पत्र
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं तथा रोजगार, शिक्षा और पारदर्शिता के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। इसी कड़ी में 20 जून को डुमरा स्थित जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
बैठक में मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीताराम झा, प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. राजीव कुमार काजू, रितेश रमण सिंह, मो. शम्स शाहनवाज, मनोज कुमार सिंह, अंजारुल हक तौहीद, आफताब अंजुम बिहारी, ताराकांत झा, ऋतु ठाकुर एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रोहन गुप्ता ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय छात्र आंदोलनों को दबाने में लगी हुई है। छात्रों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी जैसी घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला हैं।
नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह राठौर, चुन्नू सिंह, नसीम खान, चंद्र भूषण सिंह, मनोज कुमार झा, राजीव कुमार झा, प्रो. राम प्रवेश कुशवाहा, धीरज सिंह, सोहन प्रसाद, जैनेन्द्र कुमार राम, वीरेंद्र कुशवाहा, उमा कुमारी, सुंदरम पाठक, विवेक कुमार झा, मो. अख्तर रजा खान, सुमित्रा देवी, इंदल पासवान, पंकज कुमार, गुड्डू सिंह, राजीव कुशवाहा, उमेश सिंह एवं सिप्पु सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 20 जून का प्रदर्शन सीतामढ़ी में जनता की समस्याओं और युवाओं के भविष्य को लेकर एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगा।
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद