महुआर बालू घाट लूटकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, 5 अपराधी गिरफ्तार
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
पटना | विशेष संवाददाता कलीम अंसारी
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र स्थित महुआर बालू घाट के चालान कार्यालय में हुई लूटपाट और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 6 जून की रात की है, जब लगभग एक दर्जन नकाबपोश अपराधी महुआर बालू घाट स्थित चालान कार्यालय में घुस गए। अपराधियों ने वहां मौजूद मुंशी एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट की और दहशत फैलाते हुए कार्यालय में रखे करीब 1 लाख 80 हजार रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन लूट लिए।
लूटपाट के बाद अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से गोलीबारी भी की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया।
ये खबर भी पढ़े-
कलवार-कलाल-कलार समाज की राष्ट्रीय पंचायत, कोलकाता में होगा भविष्य का रोडमैप तय
पुलिस ने भोजपुर और पटना जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भोजपुर जिले से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को पटना जिले के लई गांव से दबोचा गया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन तथा नगद राशि बरामद की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे गिरोह और घटना में शामिल अन्य फरार अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि महुआर बालू घाट के चालान कार्यालय में हुई लूट और गोलीबारी की घटना में अब तक पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो हथियार, कई जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस कांड में शामिल शेष अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद