Header Ads

ad728
  • Latest Stories

    लोनावला में दादा ने वकील पोते को गोली मारी, हादसा बताने की रची साजिश; पुलिस की पैनी नजर से खुला राज, 5 गिरफ्तार

    लोनावला में दादा ने वकील पोते को गोली मारी, हादसा बताने की रची साजिश; पुलिस की पैनी नजर से खुला राज, 5 गिरफ्तार


    लोनावला में 83 साल के दादा ने प्रॉपर्टी विवाद में वकील पोते अभय मराठे को गोली मारी, हादसा बताने के लिए CCTV-DVR छिपाए। पुलिस ने पांच को गिरफ्तार किया।

    📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल

    रिपोर्टर: विशेष संवाददाता  रघु जाधव  | We News 24

    पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के लोनावला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शुरुआत में जिसे महज एक हादसा बताया गया था, वह पुलिस की सूझबूझ से सोची-समझी हत्या निकला। आरोप है कि 83 साल के एक बुजुर्ग ने अपने 33 वर्षीय वकील पोते को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और फिर पूरे परिवार ने मिलकर इसे हादसा दिखाने की कोशिश की।

    अस्पताल से मिली थी सूचना

    बीते सोमवार दोपहर लोनावला के एक अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि 33 वर्षीय वकील अभय मराठे की सीने में गोली लगने से मौत हो गई है। परिवार ने पुलिस और डॉक्टरों को बताया कि अभय अपने दादा की 12-बोर की लाइसेंसी राइफल साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और सीने में लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआत में इसे हादसा मानकर मामला दर्ज कर लिया।



    पोस्टमार्टम के दौरान गहराया शक

    शव को पोस्टमार्टम के लिए पुणे के ससून जनरल अस्पताल भेजा गया। यहां ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घाव का बारीकी से निरीक्षण किया। एसपी गिल के मुताबिक खुद को लगी गोली या एक्सीडेंटल फायरिंग के घाव अलग तरह के होते हैं, और किसी दुर्घटना में राइफल की गोली सीधे सीने पर लगना लगभग असंभव होता है। इसके बाद शक गहराया और क्राइम ब्रांच की टीम सीधे उस होटल पहुंची, जहां घटना हुई थी।



    होटल में खून के छींटे, खुला राज

    होटल में काउंटर के पास दीवार पर खून का बड़ा धब्बा मिला और जमीन पर भी खून फैला था। दीवार पर करीब पांच फीट की ऊंचाई तक खून के छींटे देखकर पुलिस का शक यकीन में बदल गया।

    प्रॉपर्टी विवाद बना वजह

    जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी बेचने को लेकर दादा मोतीराम मराठे और पोते अभय के बीच पुराना विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे इसी मुद्दे पर दोनों में तीखी बहस हुई। पुलिस के मुताबिक गुस्से में अभय ने दादा पर झपटने की कोशिश की, तभी मोतीराम ने अपनी लाइसेंसी राइफल निकालकर पोते के सीने में गोली मार दी।



    सबूत मिटाने की कोशिश, कर्मचारियों को धमकी

    वारदात के बाद आरोपी के अन्य रिश्तेदार तुरंत होटल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अभय के शव को एक कमरे में शिफ्ट किया और होटल के CCTV कैमरे व DVR निकालकर छिपा दिए। इतना ही नहीं, होटल कर्मचारियों को मुंह बंद रखने की सख्त धमकी भी दी गई।


    पांच आरोपी गिरफ्तार

    खुलासे के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी 83 वर्षीय मोतीराम मराठे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सबूत छिपाने के आरोप में चार अन्य रिश्तेदार, राजश्री पवार, हिरामन मराठे, कविता मराठे और मनोज मराठे, भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।



    टैग्स: लोनावला, पुणे क्राइम, प्रॉपर्टी विवाद, हत्या, महाराष्ट्र पुलिस 

    कोई टिप्पणी नहीं

    कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728