बड़ी खबर: नेहा सिंह राठौर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज, अब गिरफ्तारी तय!
We News 24 : डिजिटल डेस्क »वी न्यूज 24 | लखनऊ | 06 दिसंबर 2025
लखनऊ। भोजपुरी की मशहूर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका शुक्रवार को सिरे से खारिज कर दी। कोर्ट ने साफ कहा – नेहा जांच में सहयोग ही नहीं कर रही हैं, जबकि हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच का आदेश था कि वो जांच अधिकारी के सामने पेश हों। ऊपर से सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी SLP ठुकरा दी थी।
जस्टिस बृजराज सिंह की सिंगल बेंच ने कहा, “जब कोर्ट ने इतना साफ-साफ कह दिया, फिर भी अभियुक्त जांच में नहीं आ रही। ऐसे में अग्रिम जमानत नहीं दी जा सकती।”
ये भी पढ़े- पुतिन का दो दिन का भारत दौरा खत्म, राष्ट्रपति भवन में शानदार डिनर के बाद रूस रवाना
क्या था पूरा विवाद?
पहलगाम आतंकी हमले के ठीक बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे पोस्ट डाले थे जिनमें उन्होंने सीधे-सीधे भाजपा और प्रधानमंत्री पर हमला बोला था। पोस्ट में लिखा था – “भाजपा देश को युद्ध में झोंकना चाहती है, हजारों सैनिकों की जान खतरे में डाल रही है।” सरकारी वकील डॉ. वीके सिंह ने कोर्ट में दलील दी कि इन पोस्ट्स को पाकिस्तान ने अपने प्रोपेगैंडा में इस्तेमाल किया। पाकिस्तानी अकाउंट्स ने इन्हें खूब शेयर किया और भारत के खिलाफ माहौल बनाया।
नेहा की दलील हुई खारिज
नेहा के वकीलों ने कहा कि ये तो अभिव्यक्ति की आजादी है, इसमें देशद्रोह या बगावत जैसी कोई बात कहाँ है? लेकिन कोर्ट ने ये दलील नहीं मानी। कोर्ट ने कहा कि जब देश संवेदनशील दौर से गुजर रहा था, उस वक्त इस तरह के पोस्ट देश की एकता और सुरक्षा के लिए खतरा थे।
ये भी पढ़े-भारत का आसमान क्यों बनता जा रहा है एयरलाइंस का कब्रगाह ,भारत में एयरलाइन चलाना नामुमकिन!
अब क्या होगा?
अब नेहा सिंह राठौर को कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है। उनके खिलाफ हजरतगंज थाने में 27 अप्रैल 2025 को FIR दर्ज हुई थी। शिकायत अभय प्रताप सिंह उर्फ निर्भीक ने की थी। धाराएं हैं – राष्ट्रीय एकता भंग करना, सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाना और देश की संप्रभुता को नुकसान पहुँचाना।
लखनऊ में कानूनी हलकों में चर्चा है कि अब नेहा या तो फिर से सुप्रीम कोर्ट जाएंगी या सरेंडर करेंगी। फिलहाल पुलिस उनके ठिकाने तलाश रही है।
रिपोर्ट: राकेश तिवारी, संवाददाता, वी न्यूज 24, लखनऊ ब्यूरो
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद