नीतीश कुमार के इस्तीफे पर बवाल! आरजेडी के एमएलसी सुनील सिंह ने हस्ताक्षर की जांच की मांग की, बोले- नकली या असली?
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
रिपोर्टर: रवि शंकर सिंह सीनियर पॉलिटिकल कॉरेस्पॉन्डेंट, We News 24 (पटना से विशेष रिपोर्ट)
पटना, 31 मार्च 2026 – बिहार की राजनीति में उठापटक थमने का नाम नहीं ले रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब उनके विधान परिषद (एमएलसी) पद से इस्तीफे पर विवाद खड़ा हो गया है।
30 मार्च को नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन इस्तीफा पत्र खुद नीतीश कुमार लेकर नहीं गए। जेडीयू के एमएलसी संजय गांधी इस्तीफा पत्र लेकर विधान परिषद पहुंचे थे। इसी बात को लेकर विपक्षी दल आरजेडी ने सवाल उठा दिया है।
आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह का आरोप
आरजेडी के एमएलसी सुनील सिंह ने मंगलवार को फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार के इस्तीफे पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा:
“छोटे पद का भी इस्तीफा ऑथराइज्ड पर्सन के सामने देना होता है। अतः जांच होनी चाहिए कि इस्तीफा पत्र पर हस्ताक्षर असली है या नकली।”
सुनील सिंह ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार खुद विधान परिषद नहीं पहुंचे, बल्कि उनका इस्तीफा पत्र किसी और के माध्यम से भेजा गया। ऐसे में हस्ताक्षर की सत्यता की जांच जरूरी है।
क्या है पूरा मामला?
नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्हें विधान परिषद की सदस्यता छोड़नी पड़ी। बीते दिन उन्होंने एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया। फिलहाल वे केवल बिहार के मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं।
इस्तीफे के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में कयासबाजी चल रही है कि नीतीश कुमार कब और किसके हाथ में सीएम की कमान सौंपेंगे।
आरजेडी अब इस्तीफे की प्रक्रिया पर ही सवाल उठाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है। पार्टी का कहना है कि इतने अहम इस्तीफे में सही प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद