स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त हुए सीतामढ़ी प्रभारी डीएम, कहा– समय पर अस्पताल पहुंचे डॉक्टर
📢 We News 24 Digital News / वी न्यूज 24 डिजिटल
सीतामढ़ी संवाददाता पवन साह के साथ सीनियर पत्रकार दीपक कुमार :
तारीख: 19 मई 2026
सीतामढ़ी, 19 मई 2026। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभारी जिला पदाधिकारी संजीव कुमार ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक में अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कर्तव्य में कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अखिलेश कुमार, डीपीआरओ कमल सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जेड. जावेद, डीपीएम असित रंजन समेत जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी डीएम ने कहा कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर अस्पताल पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी के साथ सेवा देने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पतालों में 8 घंटे का रोस्टर तैयार कर उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
ये खबर भी पढ़े-
सीतामढ़ी समेत पुरे बिहार में दवा दुकानदारों की आज हड़ताल, मरीज और आम लोग परेशान होने की आशंका
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पीएचसी एवं सीएचसी में चिकित्सकों और जीएनएम का मोबाइल नंबर सहित रोस्टर का दीवार लेखन कराया जाए ताकि मरीजों को जानकारी आसानी से मिल सके।
संस्थागत प्रसव और मातृ स्वास्थ्य पर विशेष जोर
प्रभारी डीएम ने अगले पांच महीनों में संभावित संस्थागत प्रसव का आंकड़ा 10 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, उच्च जोखिम वाले गर्भधारण की पहचान और सुरक्षित मातृत्व अभियान की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
ये खबर भी पढ़े-
सीतामढ़ी वार्ड 8 वैदेही तालाब पर संकट: गंदा नाले का पानी बहने से सीतामढ़ी की धरोहर खतरे में
पंचायत सरकार भवनों में जल्द शुरू होंगे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
बैठक में पंचायत सरकार भवनों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) जल्द शुरू कराने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा टीकाकरण सत्रों में जरूरी दवाओं और जांच उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, एम्बुलेंस व्यवस्था मजबूत करने तथा परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
AES, कालाजार और फाइलेरिया को लेकर भी निर्देश
प्रभारी डीएम ने AES की तैयारी, कालाजार मरीजों की खोज एवं इलाज, फाइलेरिया नियंत्रण के लिए MMDP क्लीनिक संचालन तथा हाइड्रोसिल ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जनता की उम्मीद बढ़ी
बैठक के बाद आम लोगों में उम्मीद जगी है कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डॉक्टर समय पर अस्पताल पहुंचें और मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें तो ग्रामीण इलाकों के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
कोई टिप्पणी नहीं
कोमेंट करनेके लिए धन्यवाद